1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हॉकी: सुल्तान अजलन शाह में आस्ट्रेलिया ने भारत को दी मात

हॉकी: सुल्तान अजलन शाह में आस्ट्रेलिया ने भारत को दी मात

भारतीय हॉकी टीम को सुल्तान अज़लन शाह कप में मंगलवार को विश्व विजेता आस्ट्रेलिया ने 3-1 से मात दी। यह भारत की इस टूर्नामेंट में अभी तक खेले गए तीन मैचों में पहली हार है। भारत के हिस्से एक जीत और एक ड्रॉ भी है।

India vs Australia Azlan Shah- India TV Hindi
India vs Australia Azlan Shah

इपोह (मलेशिया): भारतीय हॉकी टीम को सुल्तान अज़लन शाह कप में मंगलवार को विश्व विजेता आस्ट्रेलिया ने 3-1 से मात दी। यह भारत की इस टूर्नामेंट में अभी तक खेले गए तीन मैचों में पहली हार है। भारत के हिस्से एक जीत और एक ड्रॉ भी है।

भारत ने शुरुआती दौर में आस्ट्रेलिया पर अपना दबदबा बनाया और इसका फायदा उसे 26वें मिनट में मिला जब हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

भारत अपनी इस बढ़त को ज्यादा देर कायम नहीं रख पाया। दूसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट में एडी ओकेंडेन ने दाई तरफ से डाइव लगाते हुए गेंद को गोलपोस्ट की दिशा दी और आस्ट्रेलिया को बराबरी पर ला दिया।

यहां भारतीय टीम आस्ट्रेलिया से पीछे ही रही और बढ़त लेने के बाद भी उसका फायदा नहीं उठा सकी।

मध्यांतर के बाद आस्ट्रेलिया ने अपनी आक्रामकता में इजाफा किया और इस तीसरे क्वार्टर के पहले चार मिनट में तीन पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए। तीसरे पेनाल्टी कॉर्नर पर टॉम क्रेग ने भारतीय गोलकीपर आकाश चिकते को छकाते हुए आस्ट्रेलिया को 2-1 से आगे कर दिया।

बढ़त लेने के बाद आस्ट्रेलिया की टीम के आत्मविश्वास में इजाफा देखा गया। उसने मिडफील्ड पर अपना कब्जा जमाया और भारत को बैकफुट पर धकेल दिया।

जैक व्हीटन ने 48वें मिनट में डी से काफी तेज प्रहार किया लेकिन गोल नहीं हो सका। इसके बाद टॉम विकहैम ने अकेले भारत के तीन डिफेंडरों को छकाते हुए घेरे के मध्य से गोल दाग आस्ट्रेलिया को 3-1 से मात दी।

दो गोल की बढ़त के बाद भी आस्ट्रेलिया लगातार आक्रमण करती रही। भारत ने भी वापसी की कोशिश की, लेकिन आस्ट्रेलिया की रक्षापंक्ति ने अपने बेहतरीन खेल से उसे बारबरी का कोई मौका नहीं दिया।

यह भारत की इस टूर्नामेंट में इस साल पहली हार है। इंग्लैंड के साथ उसका पहला मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में उसे 3-0 से जीत मिली थी।

भारतीय टीम अपना अगला मैच बुधवार को जापान के खिलाफ खेलेगी।