रायपुर: विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया ने आज यहां बेहद रोमांचक मैच में मौजूदा चैंपियन नीदरलैंड को हाकी विश्व लीग (एचडब्ल्यूएल) फाइनल के पहले सेमीफाइनल में 3-2 से हराया। यह विश्व की दो चोटी की टीमों के बीच मुकाबला था और आशानुरूप यह काफी रोमांचक रहा।
आस्ट्रेलिया की तरफ से डाइलन वूदरस्पून (आठवें मिनट), डेनियल बील (22वें मिनट) और मैट गोहडेस (42वें मिनट) ने गोल किये जबकि नीदरलैंड के लिये कान्सटेनटाइन योंकर (29वें मिनट) और माइक्रो प्रूइसर (33 मिनट) ही गोल कर पाये। नीदरलैंड की टूर्नामेंट में यह पहली हार है।
आस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरूआत की और पहले 25 मिनट में दो गोल दाग दिये। आस्ट्रेलिया को पहले दो क्वार्टर में चार पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन वह केवल एक का उपयोग कर पाया।
आस्ट्रेलिया ने शुरू से नीदरलैंड पर दबाव बनाया जिसके गोलकीपर जाप स्टोकमैन ने कुछ अच्छे बचाव किये। जेमी डायर के शानदार प्रयास से हालांकि वूदरस्पून ने आठवें मिनट में आस्ट्रेलिया को बढ़त दिला दी।
इसके बाद दोनों टीमों ने एक दूसरे के खेमे में सेंध लगाने के अच्छे प्रयास किये। आस्ट्रेलिया को 22वें मिनट में तीसरा पेनल्टी कार्नर मिला जिस पर बील ने रिबाउंड पर गोल किया। नीदरलैंड ने इसके बाद कुछ मौके बनाये और 29वें मिनट में योंकर ने दूसरे प्रयास में गोल कर दिया। दूसरे हाफ के तीसरे मिनट में नीदरलैंड ने बराबरी का गोल दागा।
स्टोकमैन ने इस बीच कई बचाव करके नीदरलैंड पर आये खतरे टाले लेकिन गोहडेस ने बील की हिट को हल्के से टच करके गोल के अंदर पहुंचाकर आस्ट्रेलिया को बढ़त दिला दी। यह गोल आखिर में निर्णायक साबित हुआ।