1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो ओलंपिक: ब्रिटेन के हाथों भारतीय महिला हॉकी टीम को मिली करारी हार

रियो ओलंपिक: ब्रिटेन के हाथों भारतीय महिला हॉकी टीम को मिली करारी हार

रियो ओलम्पिक में सोमवार को भारतीय महिला हॉकी टीम को पूल चरण के अपने दूसरे मुकाबले में ब्रिटेन के हाथों 0-3 से करारी हार झेलनी पड़ी। भारतीय महिलाएं जरा भी लय में नजर नहीं आईं और गेंद अपने पास रखने में संघर्ष करती दिखीं।

indian woman hockey team- India TV Hindi
indian woman hockey team

रियो डी जेनेरियो: रियो ओलम्पिक में सोमवार को भारतीय महिला हॉकी टीम को पूल चरण के अपने दूसरे मुकाबले में ब्रिटेन के हाथों 0-3 से करारी हार झेलनी पड़ी। भारतीय महिलाएं जरा भी लय में नजर नहीं आईं और गेंद अपने पास रखने में संघर्ष करती दिखीं।

भारत से कहीं ऊंची वरीयता वाली ब्रिटिश टीम और भारतीय टीम के बीच गुणवत्ता और कुशलता का अंतर साफ नजर आ रहा था। ब्रिटेन की ओर से जिसेले एंश्ले ने 25वें मिनट में, निकोला व्हाइट ने 27वें मिनट में और एलेक्जांद्रा डैनसन ने 33वें मिनट में एक-एक गोल दागे।

रियो ओलम्पिक में भारतीय टीम की यह पहली हार है। इससे पहले भारत ने जापान के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला था।

वहीं विश्व नंबर-7 ब्रिटिश महिला टीम की लगातार दूसरी जीत है। ब्रिटेन ने पहले पूल मैच में अपने से ऊंची वरीयता वाली आस्ट्रेलियाई टीम को 2-1 से हराया था।

13वीं विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय टीम शुरू से दबाव में नजर आई, जबकि ब्रिटिश टीम ने लगातार भारतीय गोलपोस्ट पर हमले जारी रखे।

भारतीय रक्षापंक्ति किसी तरह पहले क्वार्टर में ब्रिटिश आक्रमण को नाकाम करने में सफल रही। दूसरे क्वार्टर में भी ब्रिटिश टीम मैदान पर हावी रही और गोल हासिल करने में भी कामयाब हुई।

ब्रिटेन के लिए दूसरे क्वार्टर में मैच के 25वें मिनट में जिसेल एंश्ले ने पेनाल्टी कॉर्नर पर पहला गोल दागा। दो मिनट बाद ही निकोला व्हाइट ने फील्ड गोल कर ब्रिटेन को 2-0 की बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में लौरा अंसवर्थ का शॉट चूक गया, लेकिन एलेक्जांद्रा डैनसन ने रिवर्स होकर आई गेंद को गोलपोस्ट की राह दिखा दी और ब्रिटेन को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

ब्रिटिश महिलाओं ने इसके बाद लगातार भारतीय गोलपोस्ट पर हमले जारी रखे और तीसरा क्वार्टर समाप्त होने से पहले चार पेनाल्टी कॉर्नर और हासिल किए, हालांकि वे इन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकीं।

0-3 से पिछड़ चुकीं भारतीय महिलाओं ने आखिरी क्वार्टर में बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और कई हमले करने में सफल रहीं। भारतीय टीम को आखिरी क्वार्टर में कई पेनाल्टी कॉर्नर भी मिले पर शुरुआती से ही दबाव में आ चुकी भारतीय टीम किसी अवसर का लाभ नहीं उठा सकी।

सोमवार को हुए अन्य मैचों में पूल-बी में अमेरिका ने आस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया, जबकि पूल-ए में जर्मनी ने न्यूजीलैंड को 2-1 से मात दी।

एक अन्य मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन नीदरलैंड्स ने केली जोंकर की हैट्रिक की बदौलत दक्षिण कोरिया को 4-0 से करारी शिकस्त दी।

भारतीय टीम अब बुधवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी, जबकि ब्रिटिश महिलाएं अर्जेटीना का सामना करेंगी।