1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी: फाइनल में जगह पक्की करने आज उतरेगा भारत

चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी: फाइनल में जगह पक्की करने आज उतरेगा भारत

अभी तक शानदार प्रदर्शन करती आ रही भारतीय हॉकी टीम चैम्पियंस ट्रॉफी के अपने अंतिम पूल मैच में गुरुवार को मजबूत टीम आस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। भारतीय टीम को अगर इस मैच में जीत मिलती है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगी।

indian hockey team- India TV Hindi
indian hockey team

लंदन: अभी तक शानदार प्रदर्शन करती आ रही भारतीय हॉकी टीम चैम्पियंस ट्रॉफी के अपने अंतिम पूल मैच में आज (गुरुवार) को मजबूत टीम आस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। भारतीय टीम को अगर इस मैच में जीत मिलती है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगी। आस्ट्रेलिया की टीम पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।

दो महीने पहले आस्ट्रेलिया ने इपोह में हुए सुल्तान अजलन शाह कप में भारत को दो बार मात दी थी। भारत को दोनों बार चार गोल के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

इपोह में लीग मुकाबले में आस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को 5-1 से हराया था। इसी कप के फाइनल में आस्ट्रेलिया ने भारत को 4-0 से मात देकर खिताब अपने नाम किया था।

लेकिन, भारतीय टीम का चैम्पियंस ट्ऱॉफी में प्रदर्शन शानदार रहा है। उसने ब्रिटेन और दक्षिण कोरिया को अपने शानदार खेल के बलबूते मात दी तो वहीं, मजबूत जर्मनी के खिलाफ मैच ड्रॉ करवाने में सफलता हासिल की। ऐसे में आस्ट्रेलिया के लिए भारतीय चुनौती आसान नहीं होगी।

आस्ट्रेलिया के लिए गुरुवार को होने वाले मुकाबले में सबसे बड़ा झटका पेनाल्टी कार्नर स्पेशलिस्ट क्रिस सिरिलो का चोटिल हो जाना है। इस बात की भी संभावना है कि वह भारत के खिलाफ मैदान पर न उतरें।

अगली स्लाइड में और पढ़ें-