1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो ओलंपिक के लिए भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल जाएगा

रियो ओलंपिक के लिए भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल जाएगा

सरकार ने सोमवार को बताया कि रियो ओलंपिक के लिए भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल जाएगा जिसके लिए अब तक 90 खिलाड़ी इन खेलों में भाग लेने की पात्रता हासिल कर चुके हैं।

Sarbanada Sonowal- India TV Hindi
Sarbanada Sonowal

नई दिल्ली: सरकार ने सोमवार को बताया कि रियो ओलंपिक के लिए भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल जाएगा जिसके लिए अब तक 90 खिलाड़ी इन खेलों में भाग लेने की पात्रता हासिल कर चुके हैं। खेलों का यह महाकुंभ पांच अगस्त से शुरू होने वाला है। लोकसभा में कुछ सदस्यों के प्रश्नों के जवाब खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल की ओर से जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, खेलों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाओं को सामने लाया जाए, इसके लिए सांसदों समेत सभी की जिम्मेदारी बनती है।

उन्होंने कहा, इस बार रियो ओलंपिक में भारत से सबसे बड़ा दल हिस्सा लेगा। इसके लिए 90 खिलाड़ी अब तक क्वालीफाई कर चुके हैं जिसमें 58 व्यक्तिगत खेलों में और 32 खिलाड़ी हाकी के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं जो पुरूष और महिला दोनों वर्ग में हैं। रिजिजू ने कहा कि ओलंपिक के लिए चुने गए खिलाड़ियों को सहायता देने के लिए सरकार पूरी मदद कर रही है और इन्हें भारत और विदेशों में भी प्रशिक्षित करने की व्यवस्था की गई हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार ओलंपिक का बजट 116 करोड़ रुपए रखा गया है। टार्गेट ओलंपिक के तहत 49 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि देश में खेल नीति और खेल संस्कृति विकसित करने के लिए सभी सुझाव दें ताकि देश को खेल की शक्ति बनाया जा सके।