नई दिल्ली: भारतीय फुटबॉल टीम ने फुटबॉल की विश्व नियामक संस्था फीफा की ताजा रैंकिंग में 11 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए 137वां स्थान हासिल किया। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। AIFF के मुताबिक यह भारत की अगस्त, 2010 के बाद सर्वोच्च रैंकिंग है। भारत ने 114वीं रैंकिंग वाली टीम प्योटरे रिको को सितंबर में हुए दोस्ताना मैच में मात दी थी, उसका फायदा भारत को इस रैंकिंग में मिला है। भारत ने इस दौरान 230 अंक एकत्रित किए हैं।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
टीम के मुख्य कोच स्टीफन कोंस्टैनटाइन इस बात से खुश हैं। AIFF की वेबसाइट ने कोच के हवाले से लिखा है, "जब मैं अपने दूसरे कार्यकाल के लिए यहां आया था, तब मेरा लक्ष्य हमारी फीफा रैकिंग में सुधार लाने का भी था। अभी तक हमें जो परिणाम मिले हैं उससे यह पता चलता है कि हमें सफलता मिली है।"
उन्होंने कहा, ‘यह पूरी टीम का प्रयास है। अगर AIFF के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और महासचिव कुशल दास मुझे मेरे तरीके से काम करने नहीं देते तो यह मुमकिन नहीं हो पाता।’ कोंस्टैनटाइन ने जब फरवरी 2015 में दूसरी बार टीम की जिम्मेदारी संभाली तब भारतीय टीम की रैंकिंग 171वीं थी। मार्च 2015 में टीम को दो स्थान का नुकसान हुआ था और वह 173वीं रैकिग पर फिसल गई थी।