नई दिल्ली: भारतीय महिला हॉकी टीम के नवनियुक्त कोच माथियास आहरेंस ने भारतीय टीम के रियो ओलंपिक-2016 में क्वालीफाई करने को लेकर पूरी उम्मीद और भरोसा जताया है। ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल से ठीक पहले आहरेंस ने कहा कि वे भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों के खेल में सुधार लाने की धुन से बेहद प्रभावित हैं।
एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल 20 जून से बेल्जियम में शुरू हो रहा है और इसमें 10 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में टॉप-3 पर रहने वाली टीमें रियो ओलंपिक में प्रवेश कर जाएंगी।
आहरेंस ने एक बयान जारी कर कहा, "भारतीय महिला टीम आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार है और हमारे क्वालीफाई करने की पूरी उम्मीद भी है। हम अगले महीने होने वाले इस टूर्नामेंट में ब्राजिल में होने वाले रियो ओलंपिक में क्वालीफाई करने का उद्देश्य लेकर उतरेंगे।"
आहरेंस ने कहा, "टीम बिल्कुल युवा है साथ ही हमारे पास कुछ अनुभवी खिलाड़ी भी हैं। क्वालीफाइंग टूर्नामेंट बिल्कुल सही समय पर हो रहा है, क्योंकि हमारी टीम के खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म में चल रही हैं। मुझे इस टीम की सबसे अच्छी बात लगी कि खिलाड़ियों में सीखने और अपने प्रदर्शन में सुधार करने की धुन है।"