1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. उबेर कप: भारतीय महिलाएं सेमीफाइनल में पहुंचीं

उबेर कप: भारतीय महिलाएं सेमीफाइनल में पहुंचीं

भारत की महिला बैडमिंटन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उबेर कप के सेमीफाइनल में जगह बना लिया है।

Woman's Badminton Team- India TV Hindi
Woman's Badminton Team

कुनशान (चीन): भारत की महिला बैडमिंटन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उबेर कप के सेमीफाइनल में जगह बना लिया है। भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड को 3-1 से हराया। तीन में से दो ग्रुप मैच जीतकर नाकआउट दौर में पहुंचीं भारतीय महिलाओं ने एक मुकाबला शेष रहते ही मैच अपने नाम किया।

भारत को हालांकि पहले एकल मैच में हार मिली थी। रातचानोक इंतानोन ने सायना नेहवाल को 21-12, 21-19 से हराकर अपनी टीम का खाता खोला था। इसके बाद भारत ने हालांकि जोरदार वापसी की और लगातार तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

पीवी सिंधु ने दिन के दूसरे एकल में बुनसान ओ. को 21-18, 21-7 से हराकर भारत को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने इसके बाद युगल मैच में पुतिता सुपाजिराकुल और सापसीरी टी. को 21-19, 21-12 से हराकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

तीसरे एकल मैच में रुतविका शिवानी गड्डे ने नितचाओन जिंदापोल को 21-18, 21-16 से हराकर भारत की जीत पक्की कर दी। इसके बाद बाकी बचा युगल मैच नहीं खेला गया।