1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारतीय महिला टीम को उबेर कप में मिला कांस्य

भारतीय महिला टीम को उबेर कप में मिला कांस्य

कुनशान, चीन: भारतीय महिला टीम उबेर कप बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में आज यहां मौजूदा चैंपियन चीन से 0-3 से हार गयी और इस तरह से उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। शीर्ष शटलर

Saina Nehwal, Uber Cup 2016- India TV Hindi
Saina Nehwal, Uber Cup 2016

कुनशान, चीन: भारतीय महिला टीम उबेर कप बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में आज यहां मौजूदा चैंपियन चीन से 0-3 से हार गयी और इस तरह से उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। शीर्ष शटलर साइना नेहवाल और पी वी सिंधु के पहले दो एकल में करीबी मैचों में हारने के बाद ज्वाला गुट्टा और एन सिक्की रेड्डी भी पहले युगल में हार गयी जिससे भारतीय अभियान समाप्त हो गया। भारतीय महिला टीम ने नयी दिल्ली में पिछली बार कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था और इस बार भी टीम इसमें बदलाव नहीं कर पायी। उसने कल थाईलैंड को 3-1 से हराकर अपने लिये कांस्य पदक पक्का कर लिया था लेकिन 13 बार के चैंपियन चीन के खिलाफ भारतीय टीम किसी तरह का चमत्कार नहीं कर पायी। साइना और सिंधु पर काफी कुछ निर्भर था लेकिन अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के बावजूद वे सकारात्मक शुरूआत नहीं दे पायी। साइना ने फिर से शुरूआत की लेकिन ली झुएरेई के खिलाफ एक घंटे चार मिनट तक चले मैच में उन्हें 15-21 21-12 17-21 से हार झेलनी पड़ी। यह उनकी ली के हाथों लगातार आठवीं हार है। पिछली बार साइना ओलंपिक चैंपियन से 2012 इंडोनेशिया ओपन में हारी थी। सिंधु के सामने शिजियान वांग थी जिनके खिलाफ उनका रिकार्ड 4-5 था। सिंधु ने 50 मिनट तक चले मैच में अपनी तरफ से भरसक कोशिश की लेकिन आखिर में उन्हें भी 13-21 21-23 से हार का सामना करना पड़ा। यह उनकी विश्व की छठे नंबर की खिलाड़ी के हाथों लगातार चौथी हार है। पहले युगल में ज्वाला और सिक्की को टियान क्विंग और झाओ युनलेई के हाथों 6-21, 6-21 से हार झेलनी पड़ी। यह मैच केवल 25 मिनट तक चला।

इससे पहले शुरूआती एकल में साइना ने पहले गेम में 10-6 की बढ़त बना रखी थी लेकिन ली ने अच्छी वापसी करके गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में साइना ने 2-6 से पिछड़ने के बाद वापसी की और एक समय स्कोर 8-8 से बराबर था। साइना ने इसके बाद लगातार नौ अंक बनाकर मैच को बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाडि़यों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों खिलाड़ी एक समय 13-13 से बराबरी पर थी लेकिन चीनी खिलाड़ी ने इसके बाद बढ़त बनायी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। दूसरे एकल में सिंधु पहले गेम में शिजियान की बराबरी नहीं कर पायी। चीनी खिलाड़ी ने शुरू में बढ़त बनायी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। दूसरे गेम में सिंधु ने 18-8 से बहुत अच्छी बढ़त पर थी लेकिन उन्होंने शिजियान को वापसी का मौका दिया और उन्होंने 20-20 से स्कोर बराकर करा दिया। इसके बाद चीनी खिलाड़ी ने जीत दर्ज करके भारतीय उम्मीदों को करारा झटका दिया।