1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. दक्षिण एशियाई खेल: भारतीय पहलवानों 14 तो पाकिस्तान को 2 गोल्ड

दक्षिण एशियाई खेल: भारतीय पहलवानों 14 तो पाकिस्तान को 2 गोल्ड

भारतीय पहलवानों ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों की कुश्ती स्पर्धा में दांव पर लगे कुल 16 में से 14 स्वर्ण पदक झटके।

indian wrestlers south asian games- India TV Hindi
indian wrestlers south asian games

गुवाहाटी: भारतीय पहलवानों ने आज यहां 12वें दक्षिण एशियाई खेलों की कुश्ती स्पर्धा में दांव पर लगे कुल 16 में से 14 स्वर्ण पदक जीतकर इस स्पर्धा में अभियान शानदार तरीके से समाप्त किया।

भारत की यह दोयम दर्जे की टीम थी, लेकिन घरेलू पहलवान अपने दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के सामने काफी मजबूत साबित हुए, उन्होंने आज दांव पर लगे छह में से पांच स्वर्ण और एक रजत पदक अपनी झोली में डाले। आर जी बरूआ खेल परिसर में आज स्पर्धा समाप्त हुई।

भारतीय पहलवानों ने इस तरह अपने अभियान का अंत 14 स्वर्ण और दो रजत पदक से किया। भारत ने आठ महिला वर्गों के सभी स्वर्ण अपनी झोली में डाले जबकि पुरूष पहलवानों ने छह स्वर्ण और दो रजत जीते। पाकिस्तान ने दो स्वर्ण पदक जुटाए।

शिल्पी शियोरान ने आज भारत के लिये स्वर्ण पदक की शुरूआत की, उन्होंने महिला 63 किग्रा फाइनल बाउट में बांग्लादेश की फरजाना शरमीन को हराया। रजनी ने 69 किग्रा वर्ग में बांग्लादेश की शिरिन सुल्ताना को और निक्की ने 75 किग्रा में श्रीलंका की डब्ल्यू वीरासिंह को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीते।

पुरूषों में मौसम खत्री और प्रदीप ने क्रमश: 97 किग्रा और 74 किग्रा में स्वर्ण जीते जबकि मंदीप 125 किग्रा फाइनल बाउट में पाकिस्तान के जमान अनवर से हार गये जिससे उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पिछले 2010 खेलों में भारत ने पुरूष कुश्ती में तीन स्वर्ण और एक रजत जीता था जबकि पाकिस्तान ने दो स्वर्ण और एक रजत अपने नाम किये थे।