1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कीनिया को हराने के बाद अब भारतीय टीम के निशाने पर न्यूजीलैंड

कीनिया को हराने के बाद अब भारतीय टीम के निशाने पर न्यूजीलैंड

फाइनल में पहले ही जगह बना लेने के बावजूद भारतीय फुटबाल टीम कल इंटर कांटिनेंटल कप के आखिरी लीग मैच में न्यूजीलैंड की युवा टीम के सामने उतरेगी तो उसका इरादा कोई कोताही बरते बिना अपने अपराजेय अभियान को बरकरार रखने का होगा। 

<p>India</p>- India TV Hindi
India

मुंबई: फाइनल में पहले ही जगह बना लेने के बावजूद भारतीय फुटबाल टीम कल इंटर कांटिनेंटल कप के आखिरी लीग मैच में न्यूजीलैंड की युवा टीम के सामने उतरेगी तो उसका इरादा कोई कोताही बरते बिना अपने अपराजेय अभियान को बरकरार रखने का होगा। चार देशों के इस टूर्नामेंट के शुरूआती मैचों में स्टेडियम खाली पड़ा था लेकिन भारतीय कप्तान सुनील छेत्री के डेढ मिनट के भावुक वीडियो के बाद दर्शक मैदान में उमड़े। पिछला मैच छेत्री का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच था जिसमें दो गोल करके उन्होंने टीम को कीनिया पर 3-0 से जीत दिलाई। 

आयोजकों का दावा है कि कल के मैच और रविवार को होने वाले फाइनल के टिकट भी बिक चुके हैं। चीनी ताइपै और कीनिया को हराने के बाद भारत के इरादे अब जीत की हैट्रिक लगाने के हैं। अब देखना यह है कि कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन छेत्री और डिफेंडर संदेश झिंगन को आराम देते हैं या उसी अंतिम एकादश को उतारते हैं। 
कीनिया के खिलाफ मैच भारी बारिश के बीच खेला गया और काफी थकाऊ था। कप्तान छेत्री अगर कल नहीं खेलते हैं तो बलवंत सिंह को मौका मिल सकता है। भारत के पास उदांता सिंह, अनिरूद्ध थापा और प्रणय हलधर जैसे आक्रामक मिडफील्डर भी हैं। 

प्रीतम कोताल की अगुवाई में भारत का डिफेंस भी मजबूत है। नारायण दास और सुभाशीष बोस के रहते कीवी स्ट्राइकरों के लिये गोल करना आसान नहीं होगा। जेजे लालपेखलुआ के लिये यह मैच खास होगा जो उनका 50वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। भारत के पास गुरप्रीत सिंह संधू के रूप में बेहतरीन गोलकीपर है लेकिन कल युवा विशाल कैथ या अमरिंदर सिंह को मौका मिल सकता है।