फेटरोड़ा: इंडियन सुपर लीग (ISL) प्रबंधन ने ISL-2 के फाइनल मैच के बाद एफसी गोवा टीम के खिलाड़ियों के दुर्व्यवहार की शिकायत सोमवार को अनुशासन समिति को सौंप दी। रविवार को हुए फाइनल मैच में चेन्नइयन एफसी से हारने के बाद गोवा के खिलाड़ियों पर मैदान के अंदर और बाहर अपशब्दों का प्रयोग करने और सहयोग की भावना न दिखाने की शिकायत की गई है। फाइनल मैच में चेन्नई ने गोवा को 3-2 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। इस रोमांचक फाइनल में खिलाड़ियों के बीच कई बार कहासुनी की नौबत भी आई।
आईएसएल ने जारी एक विज्ञप्ति में कहा है, "ISL को यह सूचित कर दिया गया है और हमारे सहयोगी प्रसारक स्टार इंडिया ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है कि एफसी गोवा टीम प्रबंधन ने फाइनल मैच के परिणाम को विवाद में खींचते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।" गौरतलब है कि गोवा के खिलाड़ियों ने पहले पदक वितरण समारोह का बहिष्कार किया और उसके बाद क्लब के सह-मालिक दत्तराज सलगावकर ने चेन्नइयन के खिलाड़ी इलानो ब्लूमर के खिलाफ उन्हें अपशब्द बोलने और हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवा दी।
FIR दर्ज होने के बाद ब्लूमर को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें जमानत पर रिहा भी कर दिया गया। सलगावकर ने अपनी शिकयात में कहा है कि ब्लूमर ने उनसे पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान दुर्व्यवहार किया।
विज्ञप्ति में कहा गया है, "आईएसएल ने गोवा के दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया है। आईएसएल किसी भी हाल में क्लब के खिलाड़ियों, प्रबंधन और सहायक कर्मचारियों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगी। यह मामला अब आईएसएल की अनुशासन समिति के पास है।"
आईएसएल को गोवा क्लब के प्रबंधक की तरफ से किसी भी तरह कि शिकायत नहीं मिली है।