1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कबड़्डी वर्ल्ड कप: आस्ट्रेलिया को हराकर भारत ने खोला खाता

कबड़्डी वर्ल्ड कप: आस्ट्रेलिया को हराकर भारत ने खोला खाता

दक्षिण कोरिया के हाथों चौंकाने वाली हार झेलने के बाद भारतीय टीम ने कबड्डी विश्व कप-2016 के अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में शनिवार को आस्ट्रेलिया को 34 अंकों के भारी अंतर से रौंदकर अपना खाता खोला।

India vs Australia- India TV Hindi
Image Source : PTI India vs Australia

अहमदाबाद: दक्षिण कोरिया के हाथों चौंकाने वाली हार झेलने के बाद भारतीय टीम ने कबड्डी विश्व कप-2016 के अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में शनिवार को आस्ट्रेलिया को 34 अंकों के भारी अंतर से रौंदकर अपना खाता खोला। एशियाई और मौजूदा विश्व चैम्पियन भारत को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है लेकिन अपने पहले ही मैच में कोरिया के हाथों पिटने के बाद उसकी साख पर बट्टा लगने लगा था। भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दमखम तथा अनुभव दिखाते हुए आस्ट्रेलिया को 54-20 के स्कोर से हरा दिया।

भारत ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बना ली और मध्यांतर तक 32-7 की भारी बढ़त ले ली। मध्यांतर तक के ही स्कोर ने भारत की जीत पक्की कर दी थी।
भारत ने दूसरे हाफ में 22 अंक जुटाए लेकिन आस्ट्रेलिया ने भी इस हाफ में खेल में सुधार करते हुए 13 अंक जुटाए। मेजबानों ने रेड से 35 अंक जोड़े जबकि आस्ट्रेलिया ने रेड से 20 अंक हासिल किए। 

देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

इसके अलावा मेहमान टीम टैकल, ऑल आउट से एक भी अंक नहीं जुटा पाई। उसे कोई भी अतिरिक्त अंक हासिल नहीं हुआ।मेजबान टीम टैकल से 10, ऑल आउट से आठ अंक लेने में सफल रही। वहीं उसे एक अतिरिक्त अंक भी मिला।

भारत ने इस मैच में अपने 11 खिलाड़ियों को मौका दिया। स्थानापन्न में सुरेंद्र नड्डा को छोड़कर बाकी सभी खिलाड़ी मैट पर उतरे और अंक जुटाए। सबसे अधिक सात अंक अजय ठाकुर ने बनाए जबकि राहुल चौधरी और दीपक हुडा ने छह-छह अंक बनाए। प्रदीप नरवाल और मंजीत चिल्लर के खाते में पांच-पांच अंक आए।

दूसरी ओर, आस्ट्रेलिया की ओर से भारतीय मूल के खिलाड़ी कुलदीप सिंह ने सबसे अधिक सात अंक बनाए जबकि कप्तान कैम्पबेल ब्राउन ने अपनी टीम को छह अंक दिए। अब भारत को 11 अक्टूबर को अपने तीसरे ग्रुप मैच में बांग्लादेश से भिड़ना है।