नई दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल द्वारा भ्रष्टाचार के आरोपी सुरेश कलमाड़ी और अभय सिंह चौटाला को भारतीय ओलम्पिक संघ (IOA) का आजीवन मानद अध्यक्ष चुने जाने पर जारी की गई चेतावनी के थोड़ी ही देर बाद सुरेश कलमाड़ी ने निर्दोष साबित होने तक पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया। दूसरी ओर IOA अध्यक्ष पद पर अपनी नियुक्ति का विरोध करने पर चौटाला ने गोयल पर उल्टे निशाना साधा और उन्हें अदालत तक खींचने की चेतावनी भी दे डाली।
(देश-विदेश की खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
आईओए ने मंगलवार को चेन्नई में हुई वार्षिक आमसभा में कलमाड़ी और चौटाला को सर्वसम्मति से आजीवन मानद अध्यक्ष पद के लिए चुना था। दोनों दागी नेताओं की नियुक्ति के बाद भारतीय खेल जगत में जैसे भूचाल आ गया और खेल मंत्रालय ने बुधवार को आईओए को कारण बताओ नोटिस जारी करने और मंत्रालय के साथ सारे संबंध खत्म करने तक की चेतावनी दे डाली।
भ्रष्ट लोगों की नियुक्ति मंजूर नहीं: गोयल
गोयल ने यहां पत्रकारों से कहा, "मंत्रालय आईओए में कभी भी भ्रष्टाचार के आरोपियों को स्वीकार नहीं करेगा और इसीलिए एक दिन पहले हुई उनकी नियुक्तियों पर हमने आपत्ति जताई है।" गोयल ने कहा, "मंत्रालय एक-दो दिन में आईओए को कारण बताओ नोटिस जारी करेगा और सरकार किसी भी सूरत में इस तरह के पदों पर भ्रष्ट लोगों की नियुक्ति को स्वीकार नहीं करेगी।" उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि देश के सभी खेल संघ पारदर्शी तरीके से काम करें और भ्रष्टाचार से मुक्त हों। आईओए कलमाड़ी और चौटाला को नियुक्त कर आखिर क्या संदेश देना चाहती है?"
कलमाड़ी पर राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार के आरोप
कलमाड़ी पर 2010 में दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार के आरोप हैं। वह 1996 से 2011 के बीच 15 साल आईओए के अध्यक्ष भी रहे हैं। वह राष्ट्रमंडल खेल घोटाले में संलिप्तता के चलते 10 महीने की सजा भी काट चुके हैं, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई।लेकिन कलमाड़ी के लिए सबसे बड़ा झटका अपनी ही पार्टी द्वारा अपनी नियुक्ति रद्द करने की मांग से लगी। पूर्व खेल मंत्री और कांग्रेस नेता अजय माकन ने चौटाला और कलमाड़ी की दागी पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए बुधवार को गोयल से आईओए में उनकी नियुक्तियां निरस्त करने का अनुरोध किया।
कलमाड़ी-चौटाला की नियुक्ति आहत करनेवाली: माकन
माकन ने यहां संवाददाताओं से कहा, "पूर्व खेल मंत्री और खेलों का प्रशंसक होने के नाते मेरे लिए आईओए द्वारा कलमाड़ी और चौटाला की नियुक्तियां दुखी और आहत करने वाली हैं। यह फैसला खेल और भारत की छवि के लिए अच्छा नहीं है।" चारों तरफ से हो रही आलोचना के बीच कलमाड़ी ने आईओए अध्यक्ष एन. रामचंद्रन को चिट्ठी लिखकर कहा कि वह निर्दोष साबित होने तक आईओए में कोई पद नहीं लेना चाहते।
गोयल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा: चौटाला
दूसरी ओर चौटाला ने कहा कि वह अपनी नियुक्ति की आलोचना करने पर गोयल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। चौटाला ने कहा, "मैं खेल मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा। मैं आईओए में मौजूद अपने मित्रों से बातचीत करूंगा और उसके बाद ही फैसला करूंगा कि क्या करूं।" चौटाला भारतीय एमैच्योर मुक्के बाजी संघ के पूर्व अध्यक्ष हैं और आईओए में शीर्ष पर रहने के दौरान उनका कार्यकाल विवादित रहा था। उन्हें भ्रष्टाचार का आरोप भी झेलना पड़ा था।
इन्हें भी पढ़ें:-
अध्यादेश को मिली मंजूरी, पुराने नोट रखने वालों पर अब लगेगा जुर्माना
कानपुर के पास सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस के 14 डिब्बे पटरी से उतरे, 52 घायल