तिरूवनंतपुरम: दिवंगत मुक्केबाज मोहम्मद अली को केरलवासी बताने के कारण सोशल मीडिया पर हंसी के पात्र बने केरल राज्य के खेल मंत्री ई पी जयराजन ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का शिकार बने मंत्री ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा एक गलती - गलती ही होती है और उन्होंने उम्मीद जतायी कि राज्य के लोग और खेल हस्तियां उनकी गलती को समझेंगे।
शनिवार को अली के निधन की खबरें आने के तुरंत बाद मलयालम टीवी चैनल ने मंत्री से शोक संदेश के लिये संपर्क किया। जयराजन ने कल फोन पर चैनल से कहा, मुझे अभी पता चला कि मोहम्मद अली का अमेरिका में निधन हो गया। अली केरल के खेल जगत की जानी मानी हस्ती थी। उन्होंने केरल के लिये कई स्वर्ण पदक जीते और राज्य का नाम रोशन किया। मैं केरल और केरल के खेल प्रेमियों के दुख को बताना चाहता हूं।
इस गलती के लिये बने हालात के बारे में बताते हुए जयराजन ने कहा कि वह एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए रास्ते में थे जब टीवी चैनल ने उनसे प्रतिक्रिया के बारे में फोन किया। जिस व्यक्ति ने उन्हें फोन किया, उसने कहा, हमारे मोहम्मद अली का अमेरिका में निधन हो गया। उन्होंने कई स्वर्ण पदक जीते थे। और मंत्री होने के नाते उन्हें शोक संदेश देना चाहिए। उन्होंने कहा, उस समय मैं इस बात से वाकिफ नहीं था कि बीते समय के मुक्केबाज चैम्पियन का निधन हो गया। तुरंत ही चैनल ने उन्हें लाइव कर दिया। उन्होंने कहा, हालांकि, मैंने जो कहा वह गलत है। गलती गलती ही होती है। बाद में मीडिया ने मुझे संपर्क किया तो मैंने सही शोक संदेश दिया।