1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पहलवान नरसिंह के खाने में मिलावट करने वाले की हुई पहचान

पहलवान नरसिंह के खाने में मिलावट करने वाले की हुई पहचान

पहलवान नरसिंह यादव को रियो ओलंपिक में जाने से रोकने के लिए बड़ा षड्यंत्र रचा गया था। सूत्रों के मुताबिक, नरसिंह ने मंगलवार को उस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर ली, जिसने उन्हें खाने में प्रतिबंधित दवा मिलाकर दी थी।

narshing yadav- India TV Hindi
narshing yadav

नई दिल्ली: पहलवान नरसिंह यादव को रियो ओलंपिक में जाने से रोकने के लिए बड़ा षड्यंत्र रचा गया था। सूत्रों के मुताबिक, नरसिंह ने मंगलवार को उस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर ली, जिसने उन्हें खाने में प्रतिबंधित दवा मिलाकर दी थी। उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा। इस शख्स पर शक है कि उसने नरसिंह के खाने में प्रतिबंधित दवाएं मिलाई थीं। यह शख्स भी एक रेसलर ही है और वह एक मशहूर इंटरनेशनल रेसलर का छोटा भाई है। मंगलवार देर शाम इस शख्स की पहचान हुई। सूत्रों के अनुसार, नरसिंह के खाने में मिलावट करने वाले का नाम सामने आया। नीतेश नाम के शख्स् ने खाने में मिलावट की।

narshing

वाडा के नियम के अनुसार, नियम 10.4 कहता है कि यदि साजिश के तहत किसी को फंसाया गया है, तभी उसे निलंबन से छूट दी जाएगी। यदि नरसिंह पूरी तरह अपना पक्ष साबित नहीं कर सके तो उन्हें कम से कम एक साल का निलंबन झेलना होगा। नरसिंह को यदि क्लीनचिट नहीं मिली तो उनके स्थान पर प्रवीण राणा को 74 किलो वर्ग में रियो भेजा जा सकता है। हालांकि, कुश्ती संघ और भारतीय ओलंपिक संघ ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

नरसिंह आज (बुधवार) होने वाली नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) की सुनवाई में अपना पक्ष रखेंगे। भारतीय कुश्ती महासंघ और नरसिंह के वकील नाडा के सामने कई सबूत पेश करेंगे। इसमें सीसीटीवी की वो फुटेज भी है, जिसमें पिछले दिनों एक अज्ञात शख्स खाने में कुछ मिलाने की कोशिश करता नजर आ रहा था।

नरसिंह ने पिछले साल विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक के साथ 74 किग्रा वर्ग में ओलंपिक कोटा हासिल किया था और भारतीय कुश्ती महासंघ ने रियो खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें चुना था और सुशील की ट्रायल कराने की मांग ठुकरा दी थी। दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी सुशील की यह मांग खारिज की थी।