1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. हो सकता है मेरा करियर अभी खत्म हो जाए: साइना नेहवाल

हो सकता है मेरा करियर अभी खत्म हो जाए: साइना नेहवाल

देश की टॉप महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने बुधवार को कहा कि संभव है कि उनका करियर का जल्द ही अचानक से खात्मा हो जाए।

Saina Nehwal | PTI- India TV Hindi
Saina Nehwal | PTI

नई दिल्ली: देश की टॉप महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने बुधवार को कहा कि संभव है कि उनका करियर का जल्द ही अचानक से खात्मा हो जाए। गौरतलब है कि लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली साइना ने हाल ही में घुटने की सर्जरी करवाई है और अभी वह स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं।

खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

रियो ओलंपिक से खाली हाथ लौटीं साइना को वहां से लौटते ही सर्जरी करानी पड़ी और उसके बाद से वह कोर्ट में नहीं उतर सकी हैं। साइना 15 नवंबर से शुरू हो रहे चीन ओपन सुपर सीरीज से कोर्ट पर वापसी कर सकती हैं, हालांकि उनका कहना है कि वह जीत-हार के बारे में नहीं सोच रहीं। वेबसाइट ईएसपीएन डॉट इन ने साइना के हवाले से कहा, ‘ठीक ही है, कई लोग मेरा करियर खत्म मान रहे होंगे और सोच रहे होंगे कि मैं वापसी नहीं कर पाऊंगी। मेरे भी दिल में कई बार यही विचार उठते हैं, कि संभव है मेरा करियर यहीं खत्म हो जाए। तो देखते हैं, आगे क्या होता है। कुछ भी हो सकता है, जिसे हम-आप अभी नहीं जान सकते।’

साइना ने कहा, "अगर लोग यह सोच रहे हैं कि मेरा करियर खत्म हो चुका है तो मैं बेहद खुश हूं। एक तरह से यह अच्छी ही है, लोग मेरे बारे में बहुत सोचते हैं, संभव है अब वे न सोचें। मेरे लिए अभी सबसे बड़ी बात अपना खयाल रखना और पूरी तरह स्वस्थ होना है, क्योंकि यह सब बहुत पीड़ा देने वाला है।" साइना ने हालांकि अपने जल्द संन्यास लेने की योजना के बारे में संकेत में बताया कि वह ज्यादा लंबी योजना बनाकर नहीं चलतीं। साइना ने कहा, ‘मैं अभी सिर्फ आगामी एक वर्ष के बारे में सोच रही हूं। योजना वर्ष दर वर्ष के हिसाब से बनती है। मैं अगले 5-6 वर्षो के लिए कोई लक्ष्य नहीं बना रही।’