1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मेसी ने अपनी टीम और फैंस को Thanks कहा

मेसी ने अपनी टीम और फैंस को Thanks कहा

चोट से उबरने के बाद कोपा अमेरिका के 100वें संस्करण में पनामा के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले अर्जेटीना के स्टार फुटबाल खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने प्रशंसकों और टीम के समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा किया है।

Lionel Messi- India TV Hindi
Lionel Messi

शिकागो: चोट से उबरने के बाद कोपा अमेरिका के 100वें संस्करण में पनामा के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले अर्जेटीना के स्टार फुटबाल खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने प्रशंसकों और टीम के समर्थन के लिए उनका शुक्रिया अदा किया है। मेसी ने शुक्रवार को पनामा के खिलाफ हुए मैच के दूसरे हाफ में मैदान में कदम रखा था और टीम को 5-0 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। जिसमें उनकी हैट्रिक भी शामिल थी।

यह अर्जेटीना की इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ ही उसने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वेबसाइट इएसपीएनएफसी के मुताबिक मेसी ने कहा, "मैं इस समर्थन के लिए सभी का आभारी हूं। यहां होना बहुत शानदार है, खासकर तब, जब ऐसे दर्शक हों। मैं सभी का आभारी हूं।"

मेसी ने कहा, "धीरे-धीरे मुझे दर्द होना बंद हो गया था। इसके बाद मैं अपना पहला गोल कर सका। दबावपूर्ण मैच में, मैदान पर बड़ी घास में यह जीत टीम के प्रयास की जीत है। यह मुश्किल था, लेकिन हम वहां पहुंचे जहां हमें पहुंचना था।"

अर्जेटीना मेसी के रहते कोपा अमेरिका के अपने 23 साल के इंतजार को खत्म करना चाहती है। मेसी ने कहा, "हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। शुरू के दो मैच जीतना अच्छी शुरुआत है।"