1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विंबलडन: मर्रे, निशिकोरी तीसरे दौर में, मुगुरूजा बाहर

विंबलडन: मर्रे, निशिकोरी तीसरे दौर में, मुगुरूजा बाहर

टेनिस खिलाड़ी एंडी मर्रे ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है, लेकिन महिला वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त और फ्रेंच ओपन चैंपियन गार्बाइन मुगुरूजा दूसरे दौर से आगे बढ़ने में नाकाम रही।

andy murray- India TV Hindi
andy murray

लंदन: टेनिस खिलाड़ी एंडी मर्रे ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है, लेकिन महिला वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त और फ्रेंच ओपन चैंपियन गार्बाइन मुगुरूजा दूसरे दौर से आगे बढ़ने में नाकाम रही। मर्रे ने दूसरे दौर में ताइपै के येन सुन लु को एक घंटे 40 मिनट तक चले मैच में आसानी से 6-3, 6-2, 6-1 से हराकर अपने दूसरे विंबलडन खिताब की तरफ मजबूत कदम बढ़ाये। उन्होंने शुरू से ही सुन लु पर कोई रहम नहीं दिखाया और मैच को एकतरफा बना दिया। उनका अगला मुकाबला आस्ट्रेलिया के जान मिलमैन से होगा। स्पेन की 22 वर्षीय मुगुरूजा उन वरीयता प्राप्त खिलाडि़यों में शामिल रही जिन्हें आज बाहर का रास्ता देखना पड़ा।
 
मुगुरूजा का अगला मुकाबला आंद्रेई कुजनेत्सोव से

पिछले साल ऑल इंग्लैंड क्लब में उप विजेता रही मुगुरूजा को 59 मिनट तक चले मैच में विश्व की 124वें नंबर की स्लोवाकियाई क्वालीफायर जाना सेपेलोवा ने 6-3, 6-2 से पराजित किया। इस बीच जापान के केई निशिकोरी और पांच बार की चैंपियन वीनस विलियम्स भी संघर्षपूर्ण जीत के साथ तीसरे दौर में पहुंच गये लेकिल पुरूष वर्ग में 13वीं वरीयता प्राप्त डेविड फेरर उलटफेर का शिकार बनकर बाहर हो गये। विश्व में छठे नंबर के निशिकोरी ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करके सेंटर कोर्ट पर दो घंटे और 36 मिनट तक चले मैच में फ्रांस के जुलियन बेनातू को 4-6, 6-4, 6-4, 6-2 से हराया। उनका अगला मुकाबला रूस के आंद्रेई कुजनेत्सोव से होगा।
 
स्पेनिश खिलाड़ी फेरर के अलावा क्रोएशिया के 23वें वरीय इवो कार्लोविच भी दूसरे दौर से आगे बढ़ने में नाकाम रहे। फेरर को फ्रांस के निकोलस माहूट ने 6-1, 6-4, 6-3 से जबकि कार्लोविच को स्लोवाकिया के लुकास लैको ने 6-3, 3-6, 7-6, 6-4 से पराजित किया। बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव ने फ्रांस के 16वें वरीय जाइल्स सिमोन को 6-3, 7-6, 3-6, 6-4 से हराया।

ब्रिटेन के डेनियल इवान्स भी तीसरे दौर में
बेल्जियम के 11वें वरीय डेविफ गोफिन, स्पेन के 14वें वरीय राबर्टो बातिस्तुता, अमेरिका के 27वें वरीय जैक सोक और 28वीं वरीय सैम क्वेरी, कनाडा के मिलोसा राओनिच, उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन और ब्रिटेन के डेनियल इवान्स भी तीसरे दौर में पहुंच गये हैं। वीनस को दूसरे दौर में यूनान की मारिया सकारी को हराने में तीन सेट तक जूझना पड़ा। आठवीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी ने यह मैच 7-5, 4-6, 6-3 से जीता। वीनस को यह मैच कोर्ट नंबर 18 पर खेलना पड़ा जिससे वह हैरान थी।
 
रोमानिया की पांचवीं वरीय सिमोना हालेप को हालांकि इटली की फ्रांसेस्का शियावोन को 6-1, 6-1 से हराने में बिल्कुल भी पसीना नहीं बहाना पड़ा, लेकिन सातवीं वरीयता प्राप्त स्विस स्टार बेलिंडा बेनसिच उन वरीयता प्राप्त खिलाडि़यों में शामिल रही जो दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई। अमेरिका की क्वालीफायर जुलिया बोसरप के खिलाफ बेनसिच तब 6-4, 1-0 से पीछे चल रही थी जब उन्होंने कलाई की चोट के कारण मुकाबले से हटने का फैसला किया।
 
अमेरिका की नौवीं वरीय मेडिसन कीज, स्पेन की 12वीं वरीय कार्ला सुआरेज और नीदरलैंड की किकी बर्टन्स तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रही लेकिन आस्ट्रेलिया की 15वीं वरीय समांता स्टोसुर, चेक गणराज्य की 15वीं वरीय कारोलिना पिल्सकोवा और इटली की 20वीं वरीय सारा ईरानी उलटफेर का शिकार बनी।

बारिश के बाद भी खेले गए कई मैच
स्टोसुर को जर्मनी की सैबाइन लिस्की ने 6-4, 6-2 से, पिल्सकोवा को जापान की मिसाकी दोई ने 7-6, 6-3 से जबकि ईरानी को फ्रांस की एलाइज कोर्नेट ने 7-6, 7-5 से हराया। कल बारिश के कारण आज पहले दौर के भी कई मैच खेले गये। अमेरिका के जान इसनर ने आज दूसरे दौर में प्रवेश किया। इस 18वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने फ्रांस के अलबानो ओलिवेटी को पांच सेट तक चले मैराथन मुकाबले में 6-7, 7-6, 6-3, 6-7, 14-12 से हराया।

रूस के माइकल यूज्नी और इटली के फैबियो फोगिनेनी भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे। महिलाओं के वर्ग में ब्रिटेन की हीथर वाटसन पहले दौर में बाहर हो गयी। उन्हें जर्मनी की अनिका बेक ने 3-6, 6-0, 12-10 से हराया। स्विट्जरलैंड की 11वीं वरीय टिमिया बासिनस्की, अमेरिका की 18वीं वरीय सालोन स्टीफन्स और चेक गणराज्य की 24वीं वरीय बारबोरा स्ट्रीकोवा हालांकि पहली बाधा पार करने में सफल रहीं।