1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कलमाड़ी, चौटाला के विरोध में बत्रा ने IOA से इस्तीफा दिया

कलमाड़ी, चौटाला के विरोध में बत्रा ने IOA से इस्तीफा दिया

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के उपाध्यक्ष पद से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया।

Narinder Batra | SAJJAD HUSSAIN/AFP/Getty Images- India TV Hindi
Narinder Batra | SAJJAD HUSSAIN/AFP/Getty Images

नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के उपाध्यक्ष पद से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। बत्रा ने यह फैसला सुरेश कलमाड़ी और अभय सिंह चौटाला को IOA का अजीवन मानद अध्यक्ष बनाए जाने के विरोध में लिया है।

देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

बत्रा ने IOA के अध्यक्ष एन. रामचंद्रन और सचिव राजीव मेहता को पत्र लिखकर कहा, ‘चेन्नई में 27 दिसंबर को हुई IOA की एजीएम में लिए गए फैसले से मैं परेशान हूं। मुझे बैठक में मौजूद सदस्यों ने बताया कि सुरेश कलमाड़ी और अभय सिंह चौटाला को IOA के अजीवन मानद अध्यक्ष बनाए जाने का फैसला अंतिम समय पर लिया गया और सिर्फ एक मिनट में इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। उन्होंने एजीएम के बाद बैठक खत्म होने की घोषणा कर दी और यह फैसला लेते समय IOA की प्रतिष्ठा को नजरअंदाज किया गया।’

कलमाड़ी दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेलों-2010 में भ्रष्टाचार के आरोपी हैं वहीं चौटाला पर भी कई आपराधिक मामले चल रहे हैं। इन दोनों को मंगलवार को IOA के एजीएम में आजीवन मानद अध्यक्ष चुना गया। इस फैसले पर खेल मंत्रालय भी आपत्ती जता चुका है और खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा था कि मंत्रालय ने IOA को कारण बताओ नोटिस भी भेजा है। गोयल ने IOA से सभी तरह के करार तोड़ने की चेतावनी भी दी थी। IOA के इस फैसले की काफी आलोचन भी हुई, जिसके बाद कलमाड़ी ने अपने कदम वापस लेते हुए कहा था कि वह तभी यह पद ग्रहण करेंगे जब निर्दोष साबित हो जाएंगे।

वहीं चौटाला ने गोयल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी और पद छोड़ने से साफ इनकार कर दिया था। बत्रा ने लिखा है, ‘मैं IOA द्वारा दो अजीवन मानद अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के फैसले का समर्थन नहीं करता। साथ ही मैं एक मानद अध्यक्ष द्वारा पद स्वीकार न किए जाने के फैसले का स्वागत करता हूं।’ बत्रा ने पत्र में लिखा है, ‘इस बात का ध्यान रखते हुए कि आपने या IOA ने एजीएम के 3 दिन बाद भी अजीवन मानद अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के फैसले को वापस नहीं लिया, मैं इसके विरोध में अपनी आपत्ति दर्ज कराता हूं और संघ के उपाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा देता हूं।’