1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. महेश भूपति ने कहा, ओलंपिक के लिए पेस-बोपन्ना की कोई तैयारी नहीं थी

महेश भूपति ने कहा, ओलंपिक के लिए पेस-बोपन्ना की कोई तैयारी नहीं थी

टेनिस में भारत के लिए कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन करने वाले महेश भूपति ने कहा है कि लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना की जोड़ी ने ओलंपिक में खेलने के लिए कोई तैयारी ही नहीं की थी।

महेश भूपति। - India TV Hindi
महेश भूपति।

मुंबई: टेनिस में भारत के लिए कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन करने वाले महेश भूपति ने कहा है कि लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना की जोड़ी ने ओलंपिक में खेलने के लिए कोई तैयारी ही नहीं की थी। लिएंडर पेस के पूर्व जोड़ीदार भूपति ने कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों ने खुद को मेडल की दौड़ में बनाए रखने के लिए न तो एक साथ अभ्यास किया और न ही एक साथ खेले।

भूपति ने मुंबई के खार जिमखाना में कहा, ‘पुरूष युगल टीम निश्चित रूप से पूरी तरह से तैयार नहीं थी, बल्कि कोई तैयारी ही नहीं थी। उन्होंने अभ्यास नहीं किया, एक साथ कोई मैच नहीं खेले। यहां तक कि लिएंडर और मैं 2004 और 2008 (एथेंस और बीजिंग ओलंपिक खेल) में दौरे पर नहीं खेल रहे थे, हम एक साथ आते और एक साथ कुछ टूर्नामेंट खेलते थे। ओलंपिक से पहले खिलाड़ी से इसी की जरूरत होती है।’

सातवां ओलंपिक खेल चुके पेस और बोपन्ना रियो ओलंपिक में पहले ही दौर में पोलैंड के लुकास कुबोत और मार्सिन मातकोवस्की की जोड़ी से सीधे सेटों में हारकर बाहर हो गए थे। भूपति ने आगे कहा, ‘मैंने और पेस ने एटीपी टूर पर 300 मैच जीते, लेकिन हमने फिर भी ऐसा करने के प्रयास किये। इस बार उन्होंने प्रयास ही नहीं किया। निश्चित रूप से कोरिया की कमजोर डेविस कप टीम के खिलाफ एक युगल मैच ओलंपिक की तैयारी का तरीका नहीं है।’

भूपति ने कहा,‘युगल में मेडल तो आना ही नहीं था। हमारा सबसे बढ़िया मौका मिश्रित युगल में था और हम काफी करीब आ भी गए थे लेकिन दुर्भाग्य से पदक नहीं जीत सके।’ 42 साल के भूपति ने ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में तीन पुरूष युगल और चार मिश्रित युगल खिताब अपने नाम किए हैं। वह बोपन्ना और सानिया मिर्जा को सेमीफाइनल में मिली हार का जिक्र कर रहे थे। भारतीय मिश्रित टीम कांस्य पदक के प्ले ऑफ में भी बाहर हो गयी थी।