नई दिल्ली: चोट के कारण लंबे समय बाहर रहने के बाद प्रो कुश्ती लीग के जरिए वापसी कर रही गीता फोगट भले ही दबाव महसूस कर रही हों लेकिन उन्होंने कहा कि यह उस दबाव के सामने कुछ नहीं है जो उन्होंने और उनकी बहनों ने करियर के शुरूआती दिनों में झेला था।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
फोगट बहनों गीता और बबीता और उनके पिता महावीर सिंह फोगट की कहानी पर बनी आमिर खान की दंगल बाक्स आफिस पर धूम मचा रही है। गीता ने कहा, हमने बचपन में काफी मेहनत की और अब दोबारा मैं उससे गुजरना नहीं चाहती। कई बार लगता था कि अखाड़े से भाग जाऊं लेकिन उस मेहनत का फल अब मिल रहा है। उत्तर प्रदेश की टीम यूपी दंगल के नए लोगो और टीम के अनावरण के मौके पर उन्होंने कहा, ‘मुझे वापसी का दबाव महसूस हो रहा है लेकिन मुझे अच्छे प्रदर्शन का यकीन है। मैंने अभ्यास से कभी मुंह नहीं मोड़ा।’
यह पूछने पर कि अच्छे प्रदर्शन के बाद पहचान नहीं मिलने और फिल्म रिलीज होने के बाद सराहना मिलने का क्या उन्हें दुख है, उन्होंने कहा, ‘मैंने 2012 और 2010 में मेडल जीते जिसकी पहचान अब मिल रही है। दुख तो होता है कि हमें कुश्ती के लिए नहीं बल्कि हमारे जीवन पर बनी फिल्म के लिए पहचान मिल रही है।’