1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. पी वी सिंधू और प्रणय ने इंडोनेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

पी वी सिंधू और प्रणय ने इंडोनेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

अब पी वी सिंधू का सामना थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरूंगफान या चीन की बिंगजियाओ से होगा।

<p>पी वी सिंधू PHOTO: Getty Images</p>- India TV Hindi
पी वी सिंधू PHOTO: Getty Images

ओलंपिक रजत पदक विजेता पी वी सिंधू ने अपना 23वां जन्मदिन जापान की आया ओहोरी को हराकर मनाया जबकि एच एस प्रणय भी इंडोनेशिया ओपन बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधू पिछले सप्ताह मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। उन्होंने 17वीं रैंकिंग वाली ओहोरी को 21-17, 21-14 से मात दी। ये पांच मैचों में इस जापानी प्रतिद्वंदी पर उसकी पांचवीं जीत है। अब उनका सामना थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरूंगफान या चीन की ही बिंगजियाओ से होगा। सिंधू ने 0-3 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 10-8 और 16-12 की बढ़त बनाई। 

उन्होंने पहला गेम आसानी से जीत लिया और दूसरे गेम में भी दबाव बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। वहीं, प्रणय ने चीनी ताइपे के वांग झू को 21-23, 21-15, 21-13 से हराया। अब उनका सामना तीसरी वरीयता प्राप्त ऑल इंग्लैंड चैम्पियन चीन के शि युकी से हो सकता है। पहले गेम में दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी वांग ने 14-10 की बढ़त बना ली थी लेकिन प्रणय ने जल्दी ही इसे कम करके 13-14 कर दिया। वांग ने फिर 17-14 की बढ़त बनाई लेकिन प्रणय ने दो और अंक लेकर इसे 19-19 किया। वांग ने वापसी करते हुए चार अंक लेकर पहला गेम जीत लिया। 

दूसरे गेम में प्रणय ने बेहतर खेल दिखाते हुए 11-8 की बढ़त बनाई। उनकी बढ़त 17-12 हो गई और वांग की दो गलतियों के बाद प्रणय ने ये गेम जीतकर मैच में वापसी की। निर्णायक गेम में प्रणय काफी आक्रामक दिखे और 10-2 से बढ़त बना ली। बाद में उनकी कुछ गलतियों पर वांग ने वापसी की लेकिन प्रणय ने 19-13 से फिर बढ़त बना ली। वांग का अगला शॉट बाहर चला गया और दूसरे पर वो रिटर्न नहीं लगा सके जिससे प्रणय ने मुकाबला जीत लिया।