1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. बैडमिंटन: मलेशियन ओपन के पहले राउंड हारकर साइना और सिंधु बाहर

बैडमिंटन: मलेशियन ओपन के पहले राउंड हारकर साइना और सिंधु बाहर

भारत की 2 टॉप महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु और साइना नेहवाल बुधवार को मलेशियन ओपन के महिला एकल वर्ग के पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गईं।

Sindhu and Saina | PTI Photo- India TV Hindi
Sindhu and Saina | PTI Photo

सारावाक: भारत की 2 टॉप महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु और साइना नेहवाल बुधवार को मलेशियन ओपन के महिला एकल वर्ग के पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गईं। वहीं पुरुष एकल में अजय जयराम ने जीत के साथ शुरुआत की है। सिंधु को चीन की चेन यूफेई ने हराया। साइना को जापान की अकाने यामाकुची से मुंह की खानी पड़ी। वहीं, जयराम ने पहले दौर में चीन के किआओ बिन को मात देते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हाल ही में रियो ओलम्पिक-2016 की गोल्ड मेडल विजेता स्पेन की कैरोलिना मारिन को इंडिया ओपन के फाइनल में मात देने वाली सिंधु का चेन से मुकाबला काफी कड़ा रहा। चेन ने सिंधु को 3 गेम के मैच में 18-21, 21-19, 21-17 से मात दी। पहला गेम जीतने के बाद सिंधु और उनके प्रशंसकों को उनसे एक और जीत की उम्मीद थी, लेकिन चेन ने शानदार वापसी की और दूसरा गेम जीत मैच को तीसरे गेम में ले गईं। तीसरे गेम में भी दोनों के बीच कड़ी टक्कर थी लेकिन अंत में चेन, सिंधु पर भारी पड़ीं और मैच अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला एक घंटे आठ मिनट तक चला।

इन्हें भी पढ़ें:

साइना और यामाकुची के बीच भी अच्छा मुकाबला देखने को मिला। साइना ने पहला गेम जीता, लेकिन इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने बाकी दो गेम जीत साइना को बाहर का रास्ता दिखा दिया। जापानी खिलाड़ी ने साइना को 19-21, 21-13, 21-15 से मात दी। यह मुकाबला 56 मिनट तक चला। पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में जयराम ने बिन को 31 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में 21-11, 21-8 से मात दी। दूसरे दौर में उनका सामना डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन और मलेशिया के डारेन लिवू के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

भारत को पुरुष युगल में भी निराशा हाथ लगी। मनु अत्री और बी.सुमिथ रेड्डी की जोड़ी पहले दौर में हारकर बाहर हो गई है। मनु और रेड्डी की जोड़ी को चीनी ताइपे की लियाओ कुआन हाओ और लू चिया पिन की जोड़ी ने कड़े मुकाबले में 18-21, 21-18, 21-17 से मात दी।