1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सिंधु बोलीं, 'सेंटर कोर्ट पर आज मारिन का दिन था, मैं सिल्‍वर जीतकर खुश हूं'

सिंधु बोलीं, 'सेंटर कोर्ट पर आज मारिन का दिन था, मैं सिल्‍वर जीतकर खुश हूं'

भारत की बैडमिंटन स्‍टार पीवी सिंधु ने कहा है कि वह रियो ओलंपिक में महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा में सिल्‍वर मेडल जीतकर खुश हैं।

PV Sindhu- India TV Hindi
PV Sindhu

रियो डि जेनेरो: भारत की बैडमिंटन स्‍टार पीवी सिंधु ने कहा है कि वह रियो ओलंपिक में महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा में सिल्‍वर मेडल जीतकर खुश हैं।

सिंधु यहां दो बार की विश्व चैम्पियन कैरोलिना मारिन से फाइनल में 21-19 12-21 15-21 से हार गईं। इस भारतीय शटलर ने मैच गंवाने के बाद कहा, ‘मैंने सिल्‍वर मेडल जीता लेकिन मैं सचमुच खुश हूं।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे सचमुच काफी गर्व है. मैं सचमुच खुश हूं.। मैं गोल्‍ड नहीं जीत सकी, लेकिन मैंने इसके लिये सचमुच काफी मेहनत की। यह किसी का भी मैच हो सकता था।’

सिंधु ने कहा, ‘एक दिन पहले एक लड़की (साक्षी मलिक)ने मेडल जीता था, अब मैंने जीता. हम सभी ने काफी बढ़िया खेल दिखाया। जिंदगी की तरह खेल में भी उतार-चढ़ाव होंगे। जैसे एक या दो अंक गंवाना. मैं हर किसी को बधाई देना चाहूंगी। यह हफ्ता मेरे लिये काफी अच्छा रहा। ’सिंधु ने मारिन की उनके ओलिंपिक गोल्‍ड मेडल के लिये तारीफ की।

उन्होंने कहा, ‘मैं कैरोलिना को भी बधाई देती हूं. यह हफ्ता मेरे लिये काफी शानदार रहा। किसी भी खिलाड़ी का लक्ष्य ओलंपिक में पदक जीतना होता है। ’फाइनल मैच के बारे में सिंधु ने कहा, ‘आज के मैच में हम दोनों खिलाड़ी आक्रामक थीं और कोर्ट पर काफी आक्रामकता से खेल रही थी। एक को जीतना था और एक को हारना था. लेकिन आज सेंटर कोर्ट पर उसका दिन था।’

हैदराबाद की इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, ‘भविष्य निश्चित रूप से अच्छा है। काफी खिलाड़ी उभर कर सामने आ रहे हैं और कईयों को सफलता मिलेगी। भारत में बैडमिंटन सचमुच अच्छा कर रहा है। पुरुष एकल में भी श्रीकांत काफी करीबी मैच हार गये।’