नई दिल्ली: मुंबई गरूड़ा ने अपना विजय अभियान जारी रखते आज यहां बेंगलुरू योद्वाज को हराकर अपनी छठी जीत दर्ज करने के साथ ही पहली पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) के फाइनल में जगह बनायी। मुंबई की बेंगलुरू पर 5-2 से जीत छह मैचों में उसकी छठी जीत है। इस तरह से वह छह टीमों के इस लीग में रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में अजेय होकर कदम रखेगा।
दूसरा सेमीफाइनल कल पंजाब रायल्स और हरियाणा हैमर्स के बीच खेला जाएगा। पहले सेमीफाइनल में पूरी तरह से मुंबई का दबदबा रहा। ओडिकाडजे एलिजबार ने पहले मुकाबले में पुरूषों के 97 किग्रा में पावलो ओलियनिक को 7-2 हराया। रितू फोगाट ने इसके बाद महिलाओं के 48 किग्रा में अमेरिका की 2013 की विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अलीसा लेम्पे को 10-4 से हराया।
रितू एक समय 1-4 से पीछे चल रही थी लेकिन उन्होंने इसके बाद शानदार वापसी की। रितू ने बाद में कहा, मैंने पहले दौर में पिछड़ने के बाद कोच से बात की उन्होंने मुझसे कहा कि उसे (अलीसा) थकाओ और मैंने वैसा ही किया। मुंबई ने 2-0 की बढ़त हासिल करने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा।