1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रहमान भी बने ओलम्पिक में भारत के सद्भावना दूत

रहमान भी बने ओलम्पिक में भारत के सद्भावना दूत

ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने भी इसी साल अगस्त में होने वाले रियो ओलम्पिक के लिए भारत का सद्भावना दूत बनना स्वीकार कर लिया है।

A.R Rahman- India TV Hindi
A.R Rahman

नई दिल्लीः ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीत चुके निशानेबाज अभिनव बिंद्रा, बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर के बाद अब ऑस्कर विजेता संगीतकार अल्ला रक्खा रहमान (ए.आर. रहमान) ने भी इसी साल अगस्त में होने वाले रियो ओलम्पिक के लिए भारत का सद्भावना दूत बनने का भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है।

बॉलीवुड स्टार सलमान को ओलम्पिक में भारत का सद्भावना दूत बनाए जाने के बाद काफी विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद आईओए ने सलमान के साथ सद्भावना दूत बनने का प्रस्ताव बिंद्रा, सचिन और रहमान के समक्ष रखा था। बिंद्रा ने अप्रैल में यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था जबकि सचिन ने तीन मई को इसे स्वीकार किया था।

इसे भी पढ़ेः सलमान रियो ओलंपिक को ज्यादा दर्शक दिलायेंगे: गांगुली

अब रहमान ने गुरुवार को इसे स्वीकार कर लिया। भारतीय ओलम्पिक संघ को रहमान द्वारा प्रस्ताव स्वीकार किए जाने की पुष्टि हो चुकी है। रहमान ने अपने संदेश में कहा, "मेरे लिए अगस्त 2016 में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए भारतीय दल का सद्भावना दूत बनना सम्मान और गौरव की बात है।"

रियो ओलम्पिक का आयोजन 5 से 21 अगस्त के बीच होना है। दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में पहली बार ओलम्पिक का आयोजन हो रहा है।