1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो ओलंपिक: भारतीय महिला रिले टीम बाहर, पुरूष टीम अयोग्य घोषित

रियो ओलंपिक: भारतीय महिला रिले टीम बाहर, पुरूष टीम अयोग्य घोषित

भारतीय एथलेटिक्स दल का रियो ओलंपिक में खराब प्रदर्शन जारी रहा तथा चार गुणा 400 मीटर के पुरूष और महिला दोनों वर्गों में उसकी टीम अपनी हीट से ही बाहर हो गयी।

Indian women relay team- India TV Hindi
Indian women relay team

रियो डि जिनेरियो: भारतीय एथलेटिक्स दल का रियो ओलंपिक में खराब प्रदर्शन जारी रहा तथा चार गुणा 400 मीटर के पुरूष और महिला दोनों वर्गों में उसकी टीम अपनी हीट से ही बाहर हो गयी। महिला टीम अपनी हीट में सातवें स्थान पर रही जबकि पुरूष टीम को अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारतीय महिला टीम 16 टीमों के बीच ओवरआल 13वें स्थान पर रही।

निर्मला शेरोन, टिंटु लुका, एम आर पूवम्मा और एनिल्डा थामस की महिला टीम ने दूसरी हीट में तीन मिनट 29.33 सेकेंड का समय निकाला और वह आठ टीमों के बीच केवल क्यूबा से आगे रही।

मोहम्मद कुंजु, मोहम्मद अनस, अयासामी धारून और राजीव अरोकिया की पुरूष टीम ने तीन मिनट 02.24 सेकेंड का समय निकाला लेकिन आखिरी चरण में धारून और राजीव के बीच बैटन को गलत तरीके से देने के कारण टीम को अयोग्य घोषित कर दिया गया।

महिला टीम में निर्मला ने भारत की तरफ से शुरूआत की और पहले लैप में ही पिछड़ गयी। निर्मला से बैटन थामने वाली टिंटु लुका भी समय में सुधार करने में नाकाम रही जिससे पूवम्मा और एनिल्डा के पास कोई मौका नहीं बचा। आखिर में भारतीय टीम जमैका, ग्रेट ब्रिटेन, कनाडा, इटली, जर्मनी और बहमास के बाद सातवें स्थान पर रही।

जमैका, ब्रिटेन और कनाडा हीट नंबर दो में सबसे उपर रही। प्रत्येक हीट में चोटी पर रहने वाली तीन टीमें तथा दोनों हीट में ओवरआल अगला दो सर्वश्रेष्ठ समय निकालने वालीटीमें फाइनल में पहुंची।