1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. डेविस कप टीम से बाहर हुए बोपन्ना, भूपति को कमान

डेविस कप टीम से बाहर हुए बोपन्ना, भूपति को कमान

अखिल भारतीय टेनिस संघ ने गुरुवार को देश के टॉप सीड युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना को अगले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले डेविस कप मुकाबले के लिए टीम में जगह नहीं दी है।

Rohan Bopanna and Mahesh Bhupathi | Getty Images- India TV Hindi
Rohan Bopanna and Mahesh Bhupathi | Getty Images

नई दिल्ली: अखिल भारतीय टेनिस संघ (AITA) ने गुरुवार को देश के टॉप सीड युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना को अगले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले डेविस कप मुकाबले के लिए टीम में जगह नहीं दी है। डेविस कप का यह मुकाबला तीन से पांच फरवरी के बीच खेला जाएगा जो भारतीय टीम के गैर-प्रतिस्पर्धी कप्तान आनंद अमृतराज का राष्ट्रीय टीम के साथ आखिरी टूर्नामेंट भी होगा।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

बोपन्ना की गैर-मौजूदगी में स्पेन के खिलाफ हुए मुकाबले में राफेल नडाल और मार्क लोपेज की जोड़ी को कड़ी टक्कर देने वाले लिएंडर पेस और साकेत मायनेनी पुरुष युगल मैच में एक बार फिर साथ दिखेंगे। एआईटीए की चयनसमिति ने युकि भांबरी को टीम में दोबारा जगह दी है। वह सुमीत नागल के स्थान पर टीम में शामिल किए गए हैं। रामकुमार रामनाथन ने टीम में अपनी जगह बनाए रखी है। टीम में पांचवें खिलाड़ी प्रजनेस गुन्नेस्वरन हैं। आदिल कल्याणपुर और नितिन कुमार सिन्हा को स्टैंड ब्वॉय रखा गया है। राष्ट्रीय चयनकर्ता एस. पी. मिश्रा ने संवाददातों से कहा, "रोहन को टीम में शामिल करने का मतलब था कि हम जो तीसरे एकल खिलाड़ी की जगह टीम में चाहते थे वह समाप्त हो जाती। लिएंडर और साकेत स्पेन के खिलाफ बेहतरीन खेले थे और इसी कारण उनका चयन हुआ है। वहीं, जब भी लिएंडर और बोपन्ना एक साथ खेले हैं उन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। उदाहरण के तौर पर आप चेक गणराज्य के साथ हुए मुकाबले को देख सकते हैं।"

उन्होंने कहा, "रोहन कोर्ट पर बाईं ओर खेलने वाले खिलाड़ी हैं जो उनके खिलाफ गया। साकेत भी बाईं ओर अच्छा खेलते हैं जबकि लिएंडर का मजबूत एरिया कोर्ट का दाहिना हिस्सा है। अगर हम रोहन और साकेत को टीम में रखते तो दो एक ही ओर खेलने वाले खिलाड़ी हो जाते। एक जोड़ी के तौर पर रोहन और साकेत ने भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है।" एआईटीए ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले के बाद अमृराज को भी हटाने का फैसला किया है। संघ का यह फैसला अमृतराज के कार्यकाल के दौरान अनुशासनहीनता की रिपोर्ट मिलने के बाद आया है। उनकी जगह महेश भूपति को कप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने फेड कप एशिया/ओसीनिया ग्रुप-1 में काजाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए संभावित टीम का ऐलान किया है। इस टीम में सानिया मिर्जा, अकिता रैना, स्नेहा देवी रेड्डी, करमन कौर थांडी, रिया भाटिया और प्रार्थना थोंबारे को जगह मिली है।