मिलान: ब्राजील के पूर्व फुटबाल खिलाड़ी रोनाल्डो ने स्पेन के फुटबाल क्लब एटलेटिको मेड्रिड के कोच डिएगो सिमोन की तारीफ की है, लेकिन साथ ही कहा है कि उन्हें उनकी रणनीति पसंद नहीं है। सिमोन के मार्गदर्शन में एटलेटिको की टीम मिलान में शनिवार को चैम्पियंस लीग के तीन सत्रों में दूसरा फाइनल खेलेगी, जहां उसका सामना रियल मेड्रिड से होगा।
एटलेटिको को 2014 में स्पेनिश लीग का खिताब दिलाने वाले सिमोन इस समय विश्व के सबसे शानदार कोचों में शुमार किए जाते हैं।
ब्राजील के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रोनाल्डो पूरी तरह सिमोन से प्रभावित नहीं हैं। रोनाल्डो इंटर मिलान में सिमोन के साथ काम कर चुके हैं।
ला गजेटा ने शनिवार को रोनाल्डो के हवाले से लिखा, "मैं फुटबाल से प्यार करता हूं। सिमोन के पास अर्जेटीना की मनोदशा है और उन्होंने इसे टीम में स्थानांतरित किया है, जिसे मैं पसंद नहीं करता, लेकिन वह महान कोच हैं।"
रोनाल्डो ने कहा, "उनकी टीम काफी शानदार है। उनका अपना अलग तरीका है जिससे पार पाना मुश्किल है।"
उनसे जब सिमोन के वापस मिलान जाने के बारे में पूछा गया तो रोनाल्डो ने कहा, "मुझे लगता है कि वह कभी न कभी तो वापस मिलान जाएंगे। यह बात मैं पहले काफी बार कह चुका हूं क्योंकि वह क्लब के काफी करीब हैं।"