1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मलेशिया ओपन: अगले दौर में पहुंची सायना, सिंधू

मलेशिया ओपन: अगले दौर में पहुंची सायना, सिंधू

भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और पी.वी सिंधू ने गुरुवार को अपने-अपने मुकाबले जीत कर मलेशिया ओपन के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

Saina Nehwal
- India TV Hindi
Saina Nehwal

मलेशिया: भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और पी.वी सिंधू ने गुरुवार को अपने-अपने मुकाबले जीत कर मलेशिया ओपन के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सायना ने दक्षिण कोरिया की बे यओन जू को आसान मुकाबले में 21-10, 21-16 से मात दी।

सिंधू को अपना मैच जीतने के लिए मेहनत करनी पड़ी। उन्होंने दक्षिण कोरिया की सुंग जी ह्यून को 22-20, 21-17 से मात दी। तीसरी वरीय सायना ने शानदार शुरुआत की और पहले गेम में 5-0 से बढ़त बना ली थी। माध्यांतर तक उन्होंने अपनी बढ़त को 11-3 कर लिया था जिसके बाद उन्होंने गेम पर कब्जा जमाया।

सायना दूसरे गेम के मध्यांतर तक भी 11-3 से आगे थीं। कोरिया की खिलाड़ी ने वापसी की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सकीं और मैच हार गईं। दूसरी तरफ सिंधू को मैच जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ा। पहले गेम में सिंधू के पास 20-18 की बढ़त थी लेकिन सुंग ने वापसी की और 20-20 से बराबरी कर ली। सिंधू ने हालांकि हिम्मत नहीं हारी और बढ़त लेते हुए गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में सिंधू 6-8 से पीछे चल रही थीं लेकिन उन्होंने वापसी की और स्कोर 15-15 कर लिया। इसके बाद उन्होंने लगतार पांच अंक हासिल किए।