रियो डी जनेरियो: भारतीय महिला पहलवान साक्षी मलिक ने रियो ओलम्पिक के 12वें दिन बुधवार को फ्रीस्टाइल स्पर्धा के 58 किलोग्राम भारवर्ग के 1/8 फाइनल्स चरण में जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। साक्षी ने मालदोवा की इसानू मारियाना चेरदिवारा को हराकर अगले दौर में जगह बनाई है। स्कोर 5-5 से बराबर रहने के बाद साक्षी तकनीकी अंकों के आधार पर जीतने में सफल रहीं।
साक्षी पहले पीरियड में 0-3 से पीछे चल रही थीं। लेकिन दूसरे पीरियड में उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए पांच हासिल किए और एक समय 5-3 से बढ़त ले ली। साक्षी को पहले पीरियड में चेतावनी मिली, जबकि चेरदिवारा को दूसरे पीरियड में चेतावनी दी गई। हालांकि वह इस बढ़त को कायम नहीं रख पाईं और उनकी विपक्षी स्कोर 5-5 से बराबर करने में सफल रहीं।
लेकिन साक्षी तकनीकी तौर पर अपनी प्रतिद्वंद्वी पर भारी रहीं और उन्हें विजेता घोषित किया गया। इससे पहले साक्षी ने बुधवार को ही अपने पहले मुकाबले में स्वीडन की पहलवान मलिन जोहान्ना मैटसन को 5-4 से हराया। मुकाबले से साक्षी को 3 क्लासिफिकेशन पॉइंट और इसानू को एक क्लासिफिकेशन अंक भी मिले।