नई दिल्ली: ओलंपिक मेडलिस्ट रेसलर साक्षी मलिक के लिए एक और खुशखबरी है। रियो ओलंपिक खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली साक्षी ने पहली बार वर्ल्ड रैंकिंग में अपनी जगह बनाई है। सबसे ज्यादा कमाल की बात यह है कि उन्होंने पहली ही बार में दुनिया के टॉप-5 पहलवानों में अपनी जगह पक्की कर ली। उन्हें ताजा रैंकिंग में चौथा स्थान मिला है और जाहिर-सी बात है यह उनके करियर की अब तक की सबसे अच्छी रैंकिंग है।
रियो ओलम्पिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बनने का गौरव हासिल करने वाली साक्षी मलिक को इससे पहले कोई रैंकिंग हासिल नहीं थी। यह साक्षी ही थीं जिन्होंने रियो ओलंपिक में भारत का खाता खोला था। साक्षी के बाद सिंधु ने बैडमिंटन में सिल्वर मेडल जीता था। ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह रैंकिंग में जगह बनाने में सफल हुई हैं। रियो ओलंपिक के क्वॉर्टर फाइनल में महिलाओं की 48 किलोग्राम भारवर्ग में चोट के कारण बाहर होने वाली विग्नेश फोगट को 11वां स्थान मिला है।
वहीं पुरुषों की बात करें तो संदीप तोमर को इस लिस्ट में 57 किलोग्राम भारवर्ग में 15वां स्थान दिया गया हैं। जॉर्जिया के व्लादीमिर खिनचेगसविलि ने अपनी टॉप पोजिशन बरकरार रखी है। जापान के रेई हिगुच्ची लंबी छलांग लगाते हुए दूसरे स्थान पर आ गए हैं, इससे पहले वह 10वें स्थान पर थे। अजरबैजान के हाजि अलिएव को तीसरा स्थान हासिल है। बजरंग पुनिया 61 किलोग्राम भारवर्ग में टॉप 20 खिलाड़ियों में इकलौते भारतीय हैं। उन्हें 20वां स्थान हासिल है। इस श्रेणी में कजाकिस्तान के दौलत नियाजवेकोव पहले स्थान पर हैं।