लास एंजीलिस: फ्रेंच ओपन फाइनल में गार्बाइन मुगुरूजा से हारने से दो दिन बाद ही अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स फोब्र्स मैगजीन के अनुसार मारिया शारापोवा को पछाड़कर दुनिया की सबसे अमीर महिला खिलाड़ी बन गई। सेरेना ने पिछले 12 महीने में 29.9 मिलियन डालर कमाये। रूसी टेनिस स्टार शारापोवा पिछले 11 साल से इस सूची में शीर्ष पर थी।
अब तक 21 ग्रैंडस्लैम जीत चुकी सेरेना स्टेफी ग्राफ के ओपन युग के 22 ग्रैंडस्लैम के रिकार्ड से एक खिताब दूर है। उसके कैरियर की ईनामी राशि 77.6 मिलियन डालर हो गई। शारापोवा की कमाई पिछले साल 21.9 मिलियन डालर रही। अमेरिकी मिश्रित मार्शल आर्ट स्टार रोंडा राउसी तीसरे नंबर पर है।