1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. मारिन को हराकर सिंधु ने ओलंपिक की हार का लिया बदला, सेमीफाइनल में पहुंचीं

मारिन को हराकर सिंधु ने ओलंपिक की हार का लिया बदला, सेमीफाइनल में पहुंचीं

भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने कारोलिना मारिन से रियो ओलंपिक के फाइनल में मिली हार का बदला चुकता करते हुए शुक्रवार को यहां इस स्पेनिश खिलाड़ी को एक रोमांचक मैच में सीधे गेम में हराकर दुबई विश्व सुपरसीरीज फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

P V Sindhu- India TV Hindi
P V Sindhu

दुबई: भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने कारोलिना मारिन से रियो ओलंपिक के फाइनल में मिली हार का बदला चुकता करते हुए शुक्रवार को यहां इस स्पेनिश खिलाड़ी को एक रोमांचक मैच में सीधे गेम में हराकर दुबई विश्व सुपर सीरीज फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 

खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

सिंधु रियो ओलंपिक फाइनल में मारिन से हार गयी थीं और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था लेकिन शुक्रवार को उन्होंने ओलंपिक की हार का बदला ले लिया। भारतीय खिलाड़ी ने 46 मिनट तक चला यह मैच 21-17, 21-13 से जीता। यह सिंधु की ग्रुप B में दूसरी जीत थी जिससे उन्होंने अंतिम चार में भी अपनी जगह पक्की की। चीन की सुन यू अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप B में सबसे ऊपर रहीं जबकि मारिन को अपने तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। 

विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मारिन ने आक्रामक खेल दिखाने की कोशिश की लेकिन सिंधु ने इस बार उनका न सिर्फ डटकर सामना किया बल्कि महत्वपूर्ण मौकों पर अंक बटोरकर स्पेनिश खिलाड़ी को बैकफुट पर भी रखा। मारिन के खिलाफ सिंधु शुरू से ही रियो की हार का बदला चुकता करने के लिये प्रतिबद्ध दिखी। दोनों खिलाडि़यों ने आक्रामक शुरूआत की। 

सिंधु ने पहले गेम में 2-0 की बढ़त से शुरूआत की। हालांकि स्पेनिश खिलाड़ी ने जल्द ही स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद सिंधु ने तीन गलतियां जिसका फायदा उठाकर मारिन 6-3 से आगे हो गयीं। सिंधु ने वापसी करने में देर नहीं लगायी और स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ी लगभग बराबरी पर चलती रही और इंटरवल तक भारतीय स्टार ने 11-10 की मामूली बढ़त हासिल कर रखी थी।