1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सैग हाकी:भारतीय पुरूष हाकी टीम ने बांग्लादेश को 4-1, महिला हाकी टीम ने नेपाल को 24-0 से हराया

सैग हाकी:भारतीय पुरूष हाकी टीम ने बांग्लादेश को 4-1, महिला हाकी टीम ने नेपाल को 24-0 से हराया

गुवाहाटी: भारतीय पुरूष हाकी टीम ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में अपने अभियान की शानदार शुरूआत करते हुए अपने शुरूआती मुकाबले में बांग्लादेश को 4-1 से हराया जबकि महिला टीम ने राउंड रोबिन के एकतरफा

indian woman hockey- India TV Hindi
indian woman hockey

गुवाहाटी: भारतीय पुरूष हाकी टीम ने 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में अपने अभियान की शानदार शुरूआत करते हुए अपने शुरूआती मुकाबले में बांग्लादेश को 4-1 से हराया जबकि महिला टीम ने राउंड रोबिन के एकतरफा मुकाबले में नेपाल को 24-0 से रौंद दिया।

बांग्लादेश के खिलाफ पुरूष टीम मध्यांतर तक 3-0 से आगे चल रही थी। भारत की ओर से प्रधान सोमन्ना :10वें मिनट:, गगनप्रीत सिंह :27वें मिनट:, नीलम संजीव :30वें मिनट: और मोहम्मद उमर ने गोल दागे। बांग्लादेश की ओर से एकमात्र गोल 42वें मिनट में मिलोन ने किया।

भारत आज चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा।

इससे पहले महिला टीम का मुकाबला अभ्यास मैच की तरह लग रहा था जिसके भारतीय टीम लगातार गोल करती रही। भारत की ओर से स्ट्राइकर सौंदर्या येंदाला :15वें, 52वें, 62वें और 64वें मिनट: और पूनम बार्ला :सातवें, 42वें, 43वें और 51वें मिनट: ने चार-चार गोल दागे।

रानी :दूसरे, 46वें और 48वें मिनट:, जसप्रीत कौर :चौथे, 35वें और 56वें मिनट:, नेहा गोयल :14वें, 22वें और 70वें मिनट: और दीपिका :53वें, 62वें और 67वें मिनट: ने तीन-तीन जबकि गुरजीत कौर :21वें और 41वें मिनट: और प्रीति दुबे :23वें और 29वें मिनट: ने भारत के लिए दो-दो गोल किए।

ओलंपिक के लिए 36 साल बाद क्वालीफाई करने वाला भारत दुनिया की 13वें नंबर की टीम है जबकि नेपाल एफआईएच के रैंकिंग चार्ट मंे भी शामिल नहीं है।
भारत अपना अगला मैच कल श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। सिर्फ तीन टीमें खेलों में हिस्सा ले रही हैं और ऐसे में भारत के स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है।