टुलूस: डिफेंडर जेरार्ड पिके के अंतिम समय पर किए गए गोल की बदौलत स्पेन ने सोमवार को यूरो फुटबाल चैम्पियनशिप के ग्रुप-डी के मुकाबले में चेक गणराज्य को 1-0 से हरा दिया। समाचार एजेंसी के मुताबिक, स्पेन ने पूरे मैच में 68 फीसदी गेंद अपने पास रखी। साथ ही 14 कॉर्नर हासिल किए और 17 बार गोलपोस्ट पर शॉट दागे, लेकिन सिर्फ एक बार ही टीम गोल कर पाई।
पूरे मैच में जब लग रहा था कि यह गोलरहित ड्रॉ रहेगा तभी 87वें मिनट में आंद्रेस इनएस्ता ने पिके को गेंद पास की और पिकेने हवा में उछलते हुए अपने सर से गेंद को गोल पोस्ट में डाल टीम की जीत पक्की की।
इनएस्ता ने मिडफील्ड में शानदार खेल दिखाया और विपक्षी टीम पर कई वार किए, लेकिन चेक गणराज्य की रक्षापांक्ति ने उन्हें कामयाब नहीं होने दिया।
कई बार स्पेन के घेरे में आने वाली चेक गणराज्य के पास 65वें मिनट में बढ़त लेने का मौका था। थिओडोर गेब्रे सेलास्सी ने टीम के लिए गोल करने की कोशिश की लेकिन स्पेन के फाबरेगास ने अंतिम समय पर गेंद को गोलपोस्ट में जाने से रोक दिया।