1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. HWA: क्वार्टर फाइनल में आज नीदरलैंड्स से भिड़ेंगी भारतीय महिलाएं

HWA: क्वार्टर फाइनल में आज नीदरलैंड्स से भिड़ेंगी भारतीय महिलाएं

एंटवर्प (बेल्जियम): भारत की महिला हॉकी टीम यहां जारी हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मैच में मंगलवार को विश्व चैम्पियन नीदरलैंड्स से भिड़ेगी। पूल-बी से केवल एक मैच जीत क्वार्टर फाइनल

HWA: आज नीदरलैंड्स से...- India TV Hindi
HWA: आज नीदरलैंड्स से भिड़ेंगी भारतीय महिलाएं

एंटवर्प (बेल्जियम): भारत की महिला हॉकी टीम यहां जारी हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मैच में मंगलवार को विश्व चैम्पियन नीदरलैंड्स से भिड़ेगी। पूल-बी से केवल एक मैच जीत क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं भारतीय महिलाओं के लिए अब तक अजेय रहने वाली नीदरलैंड्स की महिलाओं को हराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना होगा।

विश्व रैंकिंग में 13वें पायदान पर काबिज भारतीय टीम को अपने पूल में बेल्जियम, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा। उसे एकमात्र जीत पोलैंड के खिलाफ नसीब हुई और टीम पूल-बी में चौथे स्थान पर रही।

दूसरी ओर, ओलंपिक चैम्पियन नीदरलैंड्स ने पूल-ए में दक्षिण कोरिया, इटली, जापान और फ्रांस को हराया और अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहा।

रियो ओलंपिक-2016 में क्वालीफाई करने के लिए भारतीय टीम को टूर्नामेंट के शीर्ष-तीन में स्थान पक्का करना होगा।

भारतीय टीम हालांकि क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड्स का सामना कैसे करेगी, यह देखने वाली बात होगी। दो बार साल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीत चुकीं मात्र्जे पॉमेन के नेतृत्व वाली न्यूजीलैंड टीम अब तक टूर्नामेंट में 26 गोल दाग चुकी हैं और केवल एक गोल उसके खिलाफ हुआ है।

वहीं, रितु रानी के नेतृत्व वाली भारतीय टीम के खिलाफ इस टूर्नामेंट में 11 गोल हो चुके हैं और जवाब में केवल पांच गोल भारतीय महिलाओं ने दागे हैं।

रितु ने सोमवार को कहा, "विश्व की शीर्ष टीम के खिलाफ खेलना सच में बेहद चुनौतीपूर्ण होगा और हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। हम फिलहाल रैंकिंग के बारे में नहीं सोचते हुए खेल पर ध्यान दे रहे हैं।"

रितु के अनुसार भारतीय टीम की सफलता के लिए बहुत जरूरी है कि पेनाल्टी कॉर्नर के मौके का फायदा उठाया जाए।

जूनियर विश्व कप-2013 में टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं रानी रामपाल पर भारतीय आक्रमण का दारोमदार होगा। साथ ही पूनम रानी और वंदना कटारिया को भी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

हमेशा की तरह मिडफील्ड पर रितु होंगी और लिलि चानु सहित सौंदर्य येंडेला और लिलिमा मिंज इस स्थान पर उनका साथ देंगी। डिफेंडर के तौर पर दीप एक्का, दीपिका और सुशीला चानु के कंधो पर अहम जिम्मेदारी होगी। गोलकीपर सविता की भी इस मैच में न्यूजीलैंड के आक्रामक स्ट्राइकर कड़ी परीक्षा लेंगे।