कुनशान: भारतीय महिला टीम उबेर कप बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में शुक्रवार को यहां मौजूदा चैंपियन चीन से 0-3 से हार गई और इस तरह से उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। शीर्ष शटलर साइना नेहवाल और पी वी सिंधु के पहले दो एकल में करीबी मैचों में हारने के बाद ज्वाला गुट्टा और एन सिक्की रेड्डी भी पहले युगल में हार गई जिससे भारतीय अभियान समाप्त हो गया।
भारतीय महिला टीम ने नई दिल्ली में पिछली बार कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था और इस बार भी टीम इसमें बदलाव नहीं कर पाई। उसने कल थाईलैंड को 3-1 से हराकर अपने लिये कांस्य पदक पक्का कर लिया था लेकिन 13 बार के चैंपियन चीन के खिलाफ भारतीय टीम किसी तरह का चमत्कार नहीं कर पाई।
साइना और सिंधु पर काफी कुछ निर्भर था लेकिन अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के बावजूद वे सकारात्मक शुरूआत नहीं दे पायी। साइना ने फिर से शुरूआत की लेकिन ली झुएरेई के खिलाफ एक घंटे चार मिनट तक चले मैच में उन्हें 15-21 21-12 17-21 से हार झेलनी पड़ी। यह उनकी ली के हाथों लगातार आठवीं हार है। पिछली बार साइना ओलंपिक चैंपियन से 2012 इंडोनेशिया ओपन में हारी थी।
सिंधु के सामने शिजियान वांग थी जिनके खिलाफ उनका रिकार्ड 4-5 था। सिंधु ने 50 मिनट तक चले मैच में अपनी तरफ से भरसक कोशिश की लेकिन आखिर में उन्हें भी 13-21 21-23 से हार का सामना करना पड़ा। यह उनकी विश्व की छठे नंबर की खिलाड़ी के हाथों लगातार चौथी हार है। पहले युगल में ज्वाला और सिक्की को टियान क्विंग और झाओ युनलेई के हाथों 6-21, 6-21 से हार झेलनी पड़ी। यह मैच केवल 25 मिनट तक चला।