नयी दिल्ली: हाकी इंडिया अध्यक्ष नरिंदर बत्रा के साथ बहस के बाद खुद की बर्खास्तगी का दावा करने वाले भारतीय पुरूष हाकी टीम के मुख्य कोच पाल वान ऐस ने आज कहा कि वह अपने काम को जारी रखने के इच्छुक हैं बशर्ते उनके काम से कोई हस्तक्षेप नहीं हो।
सिर्फ पांच महीने पहले प्रभार संभालने वाले वान ऐस ने सोमवार को आरोप लगाया था कि हाकी इंडिया ने इस महीने की शुरूआत में बेल्जियम में विश्व लीग सेमीफाइनल्स में मलेशिया के खिलाफ मुकाबले के बाद बत्रा के साथ हुई बहस के कारण बर्खास्त कर दिया है।
इस घटना के बाद नाराज बत्रा ने ओलंपियन हरबिंदर सिंह के अगुआई में विशेष समिति का गठन किया जो 24 जुलाई को कोच के भविष्य पर फैसला करेगी।
रोटरडम में मौजूद वान ऐस से जब यह पूछा गया कि अगर उन्हें बोला गया तो क्या वह भारतीय टीम से दोबारा जुड़ने को तैयार हैं तो उन्होंने कहा, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। इंतजार करते हैं और देखते हैं। तथ्य यह है कि अब मेरा स्वागत नहीं होगा। निश्चित तौर पर टूर्नामेंट :एंटवर्प में: के सिर्फ एक हफ्ते बाद मुझे बर्खास्त कर दिया गया था। मुझे सिर्फ आधिकारिक फैसले का इंतजार है।
वान ऐस ने पीटीआई भाषा से कहा, लेकिन जो भी हो मुझे कोई समस्या नहीं है। मैंने कभी पद नहीं छोड़ा। मैंने कभी नहीं कहा कि मैं पद छोडूंगा। अगर आपको हटा दिया जाए तो आप क्या कर सकते हो।