एंटवर्प: भारतीय महिला हॉकी टीम की फॉरवर्ड खिलाड़ी रानी ने शनिवार को कहा कि हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल टूर्नामेंट में स्ट्राइकर वंदना कटारिया टीम के आक्रमण को और मजबूती में अहम भूमिका निभाएंगी। हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) 20 जून से पांच जुलाई के बीच बेल्जियम में आयोजित होना है। भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में आस्ट्रेलिया, बेल्जियम, न्यूजीलैंड और पोलैंड के साथ पूल-बी में रखा गया है। भारत अपना पहला मैच 20 जून को बेल्जियम के खिलाफ खेलेगा।
रानी ने कहा, "हमें निश्चित तौर पर हॉक्स बे कप में वंदना की कमी महसूस हुई। उनकी वापसी से टीम की आक्रमण पंक्ति को और मजबूती मिली है। उनमें गति और प्रतिद्वंद्वी टीम की रक्षा पंक्ति को भेदने का कौशल है।"
गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में शीर्ष-चार में स्थान पाने वाली टीमें दिसंबर में अर्जेटीना में होने वाले एचडब्ल्यूएल फाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी जबकि शीर्ष-3 टीमें अगले साल होने वाले रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी।
एचडब्ल्यूएल सेमीफाइनल में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
रानी के अनुसार, "टूर्नामेंट जरूर कठिन है लेकिन हमारा लक्ष्य रियो ओलंपिक के लिए स्थान पक्का करना है। हम टीम के तौर पर इस मुकाबले के लिए तैयार हैं।"