1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विजेंदर डब्ल्यूबीओ खिताबी बाउट में पूर्व यूरोपीय चैम्पियन कैरी होप से भिड़ेंगे

विजेंदर डब्ल्यूबीओ खिताबी बाउट में पूर्व यूरोपीय चैम्पियन कैरी होप से भिड़ेंगे

नयी दिल्ली: भारतीय मुक्केबाजी स्टार विजेंदर सिंह 16 जुलाई को यहां होने वाली डब्ल्यूबीओ एशियाई खिताबी बाउट में पूर्व यूरोपीय चैम्पियन कैरी होप से भिड़ेंगे, जिनके नाम की आज घोषणा की गयी। भारत का यह

Vijender Singh, Kerry Hope- India TV Hindi
Vijender Singh, Kerry Hope

नयी दिल्ली: भारतीय मुक्केबाजी स्टार विजेंदर सिंह 16 जुलाई को यहां होने वाली डब्ल्यूबीओ एशियाई खिताबी बाउट में पूर्व यूरोपीय चैम्पियन कैरी होप से भिड़ेंगे, जिनके नाम की आज घोषणा की गयी। भारत का यह 30 वर्षीय स्टार मुक्केबाज पिछले साल पेशेवर बना था, तब से उसे शिकस्त नहीं मिली है। विजेंदर ने अभी तक अपने सारे छह मुकाबले नाकआउट के जरिये जीते हैं। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी होप को 30 बाउट का अनुभव हासिल है, जिसमें से उन्होंने 23 में जीत दर्ज की है जिसमें दो नाकआउट रही।

वेल्श में जन्में होप आस्ट्रेलिया बस गये थे, वह डब्ल्यूबीसी मिडिलवेट चैम्पियन भी हैं और एक वर्ग उपर सुपर मिडिलवेट में लड़ने लगे हैं। होप ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा, वह भारत में सुपरस्टार है लेकिन मेरे लिये वह महज एक मुक्केबाज है। वह एक साल से ही पेशेवर बना है, मैं पिछले 12 साल से पेशेवर हूं। मेरे पास अपार अनुभव है। मैं जानता हूं कि दर्शक उसके साथ होंगे लेकिन मुझे छुपेरूस्तम रहना पसंद है। दबाव उस पर होगा। उसे कठिन ट्रेनिंग करनी होगी। चौंतीस वर्षीय होप ने कहा, मैं बीते समय में दुनिया का तीसरे नंबर का मुक्केबाज रह चुका हूं। मैंने उसकी उपलब्धियों के बारे में काफी कुछ सुना है लेकिन ये सब एमेच्योर में हैं। मैं पेशेवर सर्किट में काफी अनुभवी हूं।

सहवाग को मिला पहला टिकट

वहीं होप के बयान के जवाब में विजेंदर ने कहा, समय फैसला करेगा कि 16 जुलाई को क्या होगा। इंतजार कीजिये और देखिये। विजेंदर के दो प्रोमोटरों - भारत का आईओएस और ब्रिटेन का क्वींसबेरी प्रोमोशंस ने खुलासा किया कि बाउट की टिकटों की बिक्री कल से शुरू होगी। बाउट का पहला टिकट पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग को पेश किया गया जो विजेंदर के लंबे समय से दोस्त हैं। सहवाग ने टिकट लेने के बाद कहा, यहां तक कि क्रिकेट में आस्ट्रेलियाईयों को हराने में काफी मजा आता है। इसलिये मुझे उम्मीद है कि विजेंदर कैरी को हरा देगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को आमंत्रित किया है विजेंदर ने

क्वींसबेरी प्रोमोशंस के फ्रांसिस वारेन ने कहा कि उन्हें लगता है कि 10 राउंड का मुकाबला विजेंदर के लिये काफी कठिन होगा। उन्होंने कहा, विजेंदर की उस दिन की खिताबी बाउट से पहले दो चार-राउंड, दो छह-राउंड और एक आठ-राउंड का मुकाबला होगा। मुझे लगता है कि यह विजेंदर के लिये कठिन भिडंत होगी लेकिन खिताब के अलावा डब्ल्यूबीओ रैंकिंग में शीर्ष-15 में जगह बनाने का मौका भी दाव पर लगा होगा। इससे जल्द ही विजेंदर के लिये विश्व खिताबी बाउट का रास्ता बनेगा। यह बाउट त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जायेगी, जिसकी क्षमता करीब 6000 दर्शकों की है और विजेंदर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया हुआ है।