1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. विजेंदर बने WBO एशिया पैसेफिक सुपर मिडिलवेट चैम्पियन

विजेंदर बने WBO एशिया पैसेफिक सुपर मिडिलवेट चैम्पियन

भारत के दिग्गज मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के कैरी होप को हराते हुए डब्ल्यूबीओ एशिया पैसेफिक सुपर मिडिलवेट चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।

VIJENDER SINGH- India TV Hindi
VIJENDER SINGH

नई दिल्ली: भारत के दिग्गज मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के कैरी होप को हराते हुए डब्ल्यूबीओ एशिया पैसेफिक सुपर मिडिलवेट चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। अपने करियर के सातवें पेशेवर मुकाबले में विजेंदर ने खचाखच भरे त्यागराज स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच 30 से अधिक मैचों का अनुभव रखने वाले होप को 10 राउंड के मुकाबले में (98-92, 98-92, 100-90) के स्कोर से हराया।

यह विजेंदर के पेशेवर करियर की सातवीं जीत है। इससे पहले हुए सभी छह मुकाबलों में विजेदर ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को नाकआउट किया था लेकिन वह होप को समय से पहले धराशायी नहीं कर सके।

इस मैच को देखने के लिए पूरा त्यागराज स्टेडियम भरा था। सुरेश रैना, वीरेंद्र सहवाग और राहुल गांधी जैसे दिग्गज विजेंदर की हौसलाअफजाई के लिए पहुंचे थे। विजेंदर ने होप को नाकआउट करने की पूरी कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो सके।

होप की 31 मुकाबलो में यह आठवीं हार है। होप ने 23 जीत हासिल की है। इनमें से दो बार वह अपने विपक्षी खिलाड़ी को नाकआउट करने में सफल रहे हैं जबकि आठ में से चार बार वह खुद नॉकआउट हुए हैं।

मैच के बाद विजेंदर ने कहा, "धन्यवाद भारत। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। यह हमारे देश की प्रतिष्ठा का सवाल था। अंतत: हमने कर दिखाया। होप ने बेहतरीन खेल दिखाया।"