अस्ताना: भारत की मुक्केबाज सोनिया लाठर को आज खेले गए विश्व महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इटली की एलिसा मेसिआनो से हार का सामना करना पड़ा। हाथ से स्वर्ण पदक निकलने के बाद उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। फाइनल मुकाबले में सोनिया को विश्व की नंबर-1 महिला मुक्केबाज़ के साथ कड़े मुकाबले में 1-2 से हार झेलनी पड़ी।
इससे पहले सोनिया ने गुरुवार को सेमीफाइनल में कजाकिस्तान की एझान खोजावेकोवा को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
सोनिया जिस वर्ग में खेलती हैं वह ओलम्पिक का हिस्सा नहीं है। ओलम्पिक में सिर्फ 51 किलोग्राम, 60 किलोग्राम, और 75 किलोग्राम वर्ग में ही मुकाबले खेले जाते हैं।
इस चैम्पियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों में सोनिया का सफर ही सफल रहा है। उनके अलावा बाकि कोई और खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से प्रभावित नहीं कर सकीं।
इससे पहले, इस चैम्पियनशिप में भारत की एम.सी मैरीकॉम, एल.सरिता देवी और पूजा रानी ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही थीं।