नई दिल्ली: खेल मंत्रालय ने हाल में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम के प्रत्येक सदस्य को गुरुवार को दस-दस लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। खेल मंत्री विजय गोयल ने अपने आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में यह घोषणा की।
खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उन्होंने साथ ही कहा कि कबड्डी को ओलंपिक में शामिल करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। भारत ने फाइनल में ईरान को 38-29 से हराकर तीसरी बार खिताब जीता था। गोयल ने कहा, ‘प्रत्येक खिलाड़ी को दस लाख रूपये दिये जाएंगे। कोच को भी पुरस्कृत किया जाएगा। हम इस खेल को ओलंपिक में जगह दिलाने के लिए भी प्रयास करेंगे। केवल क्रिकेट ही नहीं हम फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेलों को भी बढ़ावा देना चाहते हैं।’
भारतीय कप्तान अनूप कुमार ने कहा कि भारत में कबड्डी लीग में खेलने के बाद विदेशी खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार हुआ है और इससे उनके लिए चुनौती कड़ी हो गई है। उन्होंने कहा, ‘प्रतिस्पर्धा कड़ी हो गई है लेकिन फायदा यह है कि यह हमारा ग्रामीण खेल है। हम बचपन से इसे खेलते हैं और उन्होंने हाल में इसे खेलना शुरू किया है।