1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. डोप टेस्ट में फेल हुए नरसिंह यादव, रियो ओलंपिक जाने पर सस्पेंस!

डोप टेस्ट में फेल हुए नरसिंह यादव, रियो ओलंपिक जाने पर सस्पेंस!

नई दिल्ली: ओलंपिक शुरू होने से 10 दिन पहले भारत को करारा झटका लगा जब 74 किलो फ्रीस्टाइल पहलवान नरसिंह यादव नाडा द्वारा कराये गए डोप टेस्ट में नाकाम रहे जिससे रियो ओलंपिक में उनकी

narsingh yadav- India TV Hindi
narsingh yadav

नई दिल्ली: ओलंपिक शुरू होने से 10 दिन पहले भारत को करारा झटका लगा जब 74 किलो फ्रीस्टाइल पहलवान नरसिंह यादव नाडा द्वारा कराये गए डोप टेस्ट में नाकाम रहे जिससे रियो ओलंपिक में उनकी भागीदारी भी खतरे में पड़ गई है। राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी (नाडा) के महानिदेशक नवीन अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की कि नरसिंह के बी नमूने में भी प्रतिबंधित स्टेरायड के अंश पाये गए हैं। वह कल नाडा की अनुशासन पेनल के सामने पेश हुआ था।

नाडा डीजी ने कहा, नरसिंह प्रतिबंधित स्टेरायड के सेवन का दोषी पाया गया है। उसका बी नमूना भी पाजीटिव निकला। जब उसका बी नमूना खोला गया तब वह खुद भी मौजूद था। उन्होंने कहा, वह कल अनुशासन पेनल के सामने पेश हुआ। पेनल ने इस मसले पर और रिपोर्ट मांगी है। मुझे उम्मीद है कि पेनल जल्दी कार्रवाई करेगी। हमें तब तक इंतजार करना होगा।

यह पूछने पर कि क्या नरसिंह रियो ओलंपिक नहीं खेल सकेगा, अग्रवाल ने कहा, अभी कुछ कहना कठिन है। हम जल्दी ही प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश करेंगे। खेल मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि की कि एक पहलवान डोप टेस्ट में नाकाम रहा है हालांकि इसने यादव का नाम नहीं लिया। मंत्रालय ने कहा, एक पहलवान को राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी ने डोप टेस्ट में पॉजीटिव पाया है। नाडा की डोपिंग निरोधक अनुशासन पेनल मामले की सुनवाई कर रही है। कल इसकी पहली सुनवाई हुई जिसके तहत पहलवान को अपने बचाव का मौका दिया जायेगा।

इसमें कहा गया, सुनवाई के बाद पेनल ने नाडा से कुछ और रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने पर आगे सुनवाई की जायेगी। एडीडीपी के अध्यक्ष कानून विशेषज्ञ हैं जिसमें डॉक्टर और खिलाड़ी भी शामिल है। नाडा युवा कार्य और खेल मंत्रालय के तहत स्वायत्त ईकाई है जो खेलों में डोपिंग की जांच करती है।

बता दें कि रियो ओलंपिक के लिये नरसिंह का चयन विवादित हालात में हुआ था क्योंकि ओलंपिक दोहरे पदक विजेता सुशील कुमार ने 74 किलो वर्ग में दावेदारी ठोकी थी। नरसिंह ने चूंकि विश्व चैम्पियनशिप के जरिये कोटा हासिल किया था तो उसे तरजीह दी गई। इसके लिये हालांकि उसे लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी।