1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में जीत के जश्न के दौरान की बड़ी गलती, अब FIFA ले सकता है बड़ा एक्शन

अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में जीत के जश्न के दौरान की बड़ी गलती, अब FIFA ले सकता है बड़ा एक्शन

अर्जेंटीना ने इंग्लैंड के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले को 2-1 के अंतर से अपने नाम करने के साथ फाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। वहीं इस मैच में जीत के बाद जश्न के दौरान उन्होंने एक ऐसी गलती कर दी जिसके चलते अब फीफा उनपर बड़ा एक्शन ले सकती है।

Argentina Football Player- India TV Hindi
Image Source : AP अर्जेंटीना फुटबॉल प्लेयर

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला स्पेन और डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना की टीम के बीच में खेला जाएगा। स्पेन ने जहां फ्रांस के खिलाफ पहले सेमीफाइनल मुकाबले में जीत हासिल कर खिताबी मैच में अपनी जगह को पक्का किया। वहीं अर्जेंटीना की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले को आखिरी समय में दो गोल करने के साथ 2-1 के अंतर से जीत हासिल की और फाइनल में लगातार दूसरी बार अपनी जगह को पक्का कर लिया। इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ी काफी जोश में नजर आए इसी दौरान उन्होंने जश्न मनाते हुए ऐसी गलती कर दी जिसके चलते फीफा अब उनपर एक्शन ले सकता है। अर्जेंटीना के प्लेयर्स ने सेमीफाइनल में जीत के बाद जश्न के दौरान फॉकलैंड आइलैंड्स के बैनर को दिखाया जिसमें इस तरह की हरकतें पूरी तरह से नियमों के अनुसार बैन है।

मालविनास अर्जेंटीना के हैं लिखा बैनर दिखाया

अटलांटा के मैदान पर हुए अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जब मैच 2-1 के अंतर से डिफेंडिंग चैंपियन ने अपने नाम किया तो उसके बाद लो सेल्सो ने Las Malvinas son Argentinas लिखा हुआ एक बैनर दिखाया। यह फॉकलैंड आइलैंड्स पर अर्जेंटीना के दावे को दर्शाता है, जिसमें बैनर पर लिखे हुए शब्दों का मतलब लास माल्विनास अर्जेंटीना के हैं। लो सेल्सो ने डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी के साथ मिलकर वह बैनर मुकाबला खत्म होने के बाद मैदान पर पकड़ा हुआ था। फुटबॉल के नियम तय करने वाले इंटरनेशनल फुटबॉल एसोसिएशन बोर्ड यानी IFAB और FIFA के पास मैच के दौरान राजनीतिक झंडे, नारे और प्रतीक दिखाने पर रोक लगाने के लिए कड़े नियम हैं। IFAB के नियमों के अनुसार किसी भी उल्लंघन के लिए खिलाड़ी या टीम पर कॉम्पिटिशन ऑर्गनाइज़र, नेशनल फुटबॉल एसोसिएशन या FIFA द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

आखिर क्या है लास माल्विनास का विवाद

लास माल्विनास को लेकर बात की जाए तो अर्जेंटीना इसका इस्तेमाल फॉकलैंड आइलैंड्स के लिए करता है। ये आइलैंड्स अर्जेंटीना के पूर्वी तट से लगभग 480 किलोमीटर दूर स्थित ब्रिटिश ओवरसीज टेरिटरी है। इस आइलैंड्स के लेकर अर्जेंटीना और ब्रिटेन के बीच में विवाद काफी पुराना है। ब्रिटेन ने सबसे पहले साल 1774 में इन आइलैंड्स पर अपना दावा किया था और साल 1832 में फिर से अपना कंट्रोल स्थापित किया था। इसके बाद साल 1982 में अर्जेंटीना और ब्रिटेन के बीच इस आइलैंड्स को लेकर युद्ध जिसमें ब्रिटेन जीतने में कामयाब रहा था।

ये भी पढ़ें

अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप से बाहर करने के लिए 75 लाख लोगों ने साइन की पिटीशन, आखिर क्या है इसके पीछे का कारण

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंची स्पेन, सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से दी एकतरफा मात