1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Games 2026 Live Update: सतनाम-सलमान ने रोइंग में जीता कांस्य, रोशिबिना ने वुशू में सिल्वर मेडल किया अपने नाम
Live now

Asian Games 2026 Live Update: सतनाम-सलमान ने रोइंग में जीता कांस्य, रोशिबिना ने वुशू में सिल्वर मेडल किया अपने नाम

एशियन गेम्स 2026 में पांचवें दिन की शुरुआत भारत के लिए काफी अच्छी रही है, जिसमें रोइंग के डबल स्कल्स इवेंट में सतनाम-सलमान ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफलता हासिल की है, वहीं इसके अलावा वुशू में रोशिबिना देवी ने सिल्वर मेडल जीता है।

सतनाम सिंह और सलमान...- India TV Hindi
Image Source : PTI सतनाम सिंह और सलमान खान, ब्रॉन्ज मेडल के साथ।

एशियन गेम्स 2026 में 24 सितंबर को कई इवेंट का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें भारतीय फैंस की नजरें एथलीटों के प्रदर्शन पर रहेंगी। चौथे दिन का जब अंत हुआ तो उस समय तक भारत के खाते में पदकों की कुल संख्या 12 हो चुकी थी, तो वहीं पांचवें दिन की शुरुआत काफी शानदार रही है, जिसमें पुरुषों के डबल स्कल्स इवेंट में भारतीय रोअर्स सतनाम सिंह और सलमान खान ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफलता हासिल की है। भारतीय जोड़ी 1,500 मीटर के निशान तक दूसरे स्थान पर रही, लेकिन आखिरी 500 मीटर में तीसरे स्थान पर खिसक गई। उन्होंने नागारागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर 6:13.25 का समय लिया। वहीं वुशू में रोशिबिना देवी ने महिलाओं के सांडा 60kg इवेंट में सिल्वर मेडल जीता भारत के पदकों की अब कुल संख्या 14 पहुंच चुकी है।

सतनाम-सलमान ने तीसरे स्थान पर रहते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता

जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी पुरुषों के डबल स्कल्स में गोल्ड मेडल जीतने से काफी करीब से चूक गई जिसके बाद उनको ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों के डबल स्कल्स में 6:13.25 के समय के साथ तीसरे स्थान पर खत्म किया। भारतीय जोड़ी 1,500 मीटर के निशान तक दूसरे स्थान पर रही, लेकिन आखिरी 500 मीटर में तीसरे स्थान पर खिसक गई। उन्होंने नागारागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर 6:13.25 का समय लिया। वहीं इस इवेंट में चीन के यी ज़ुदी और नी यिदे ने जहां गोल्ड मेडल जीता तो वहीं उज़्बेकिस्तान के मेखरोज़बेक ममतकुलोव और पावेल सोरिन ने सिल्वर मेडल जीतने में सफलता हासिल की।

रोशिबिना देवी को सिल्वर मेडल से करना पड़ा संतोष

भारतीय महिला वुशू खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के सांडा 60 किलोग्राम इवेंट के गोल्ड मेडल मैच में चीन की झांग शियाओयू से 2-0 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा है। इससे पहले साल 2022 के एशियन गेम्स में भी रोशिबिना देवी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। एशियन गेम्स 2026 में अब भारत के कुल पदकों की संख्या 14 पहुंच चुकी है, जिसमें एक गोल्ड, 6 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफलता मिली है। पांचवें दिन भारतीय हॉकी टीम भी एक्शन में होगी जिसमें उसका पूल-ए में साउथ कोरिया की टीम से मुकाबला होगा।

 

Live updates : Asian Games 2025 Day 5 Live Updates 24 September

  • 8:47 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    स्क्वैश में जोशना चिनप्पा-वेलवन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने दर्ज की जीत

    एशियन गेम्स 2026 में स्क्वैश में जोशना चिनप्पा-वेलवन सेंथिलकुमार ने सूरज चंद-शमीना रियाज को 2-0 (11-7 और 11-10) से हराकर मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दोनों भारतीय जोड़ियों के बीच दूसरा गेम बहुत शानदार रहा जिसमें सूरज और शमीना का 7-9 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए स्कोर 9-9 पर लाना और गेम पॉइंट तक पहुंचना। लेकिन आखिरकार जोशना ने मैच पॉइंट हासिल किया और जीत अपने नाम कर ली।

  • 8:19 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    स्क्वैश में भारतीय जोड़ी आमने-सामने

    एशियन गेम्स 2026 में स्क्वैश के इवेंट में भारतीय जोड़ी के बीच में मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें मिक्सड डबल्स में सूरज चंद-शमीना रियाज और जोशना चिनप्पा-वेलावन सेंथिलकुमार जोड़ी एक-दूसरे का आमना-सामना कर रही है।

  • 7:52 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    शूटिंग में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन

    शूटिंग में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन में भारत के कमलजीत ने 580 और आकाश ने 579 का स्कोर किया जिसमें कमलजीत 7वें और आकाश 9वें स्थान पर रहे। फिलहाल टीम इवेंट में भारत अभी इंडोनेशिया और चीन के बाद तीसरे स्थान पर है।

  • 7:30 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    टेबल टेनिस में महिला डबल्स राउंड 2 में अकुला और सिंड्रेला ने जीत के साथ की शुरुआत

    एशियन गेम्स 2026 में महिला डबल्स राउंड 2 में श्रीजा अकुला और सिंड्रेला दास ने मंगोलिया की बोलोर-एर्डेने बाटमुंख और बुरेन्जार्गल संजा के खिलाफ अपने महिला डबल्स अभियान की शुरुआत 3-0 (11-5, 11-4, 12-10) की जीत के साथ की। अगले दौर में उनका मुकाबला चीन की जोड़ी से होने की संभावना है।

  • 7:21 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    एथलेटिक्स में मिक्स्ड 4x400m में भारतीय टीम ने फाइनल में बनाई जगह

    एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स में मिक्स्ड 4x400m में रिले हीट 2 भारत की में जय कुमार, किरण पहल, मनु टीएस और पूवम्मा एमआर ने रेस को 3:16.23 समय में पूरा करने के साथ इस इवेंट के गोल्ड मेडल मैच के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है।

    फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली टीमों का समय इस प्रकार है

    बहरीन - 3:15.73
    चीन - 3:15.97 (+0.24)
    वियतनाम - 3:16.08 (+0.35)
    भारत - 3:16.23 (+0.50)
    जापान - 3:16.52 (+0.79)
    यूएई - 3:17.00 (+1.27)
    साउथ कोरिया - 3:18.66 (+2.93)
    फिलीपींस - 3:19.68 (+3.95)

  • 7:17 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    शूटिंग में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन जारी

    एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन में आकाश तीसरी सीरीज वाली लय को बरकरार नहीं रख पाए, क्योंकि उनका चौथी सीरीज का स्कोर 94 रहा। कमलजीत का प्रदर्शन भी थोड़ा गिरा है और उनकी चौथी सीरीज का स्कोर भी 94 रहा। फिलहाल कमलजीत तीसरे और आकाश 12वें स्थान पर हैं।

  • 6:54 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    टेबल टेनिस में महिला डबल्स राउंड 2 की हुई शुरुआत

    एशियन गेम्स 2026 में टेबल टेनिस की शुरुआत हो गई है, जिसमें महिला डबल्स के दूसरे राउंड के मैच में भारत की दिया चितले और यशस्वी घोरपड़े का मुकाबला ईरान की सेतायश इलूखानी और माशिद अशतरी से हो रहा है।

  • 6:43 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    वुशु में रोशिबिना देवी ने महिलाओं के सांडा 60 किलोग्राम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता

    एशियन गेम्स 2026 में भारत की रोशिबिना देवी ने एशियाई खेलों में लगातार दूसरा सिल्वर मेडल जीता है। वह महिलाओं के सांडा 60 किलोग्राम इवेंट के फाइनल में चीन की झांग शियाओयू से 2-0 के स्कोर से हार गईं उन्होंने दोनों राउंड 0-5 से गंवाए। झांग शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची थीं और उन्होंने वियतनाम की 2023 वर्ल्ड चैंपियन गुयेन थी थू थुय को भी हराया था। रोशिबिना ने साल 2022 में हांग्जो एशियाई खेलों का फाइनल भी एक चीनी एथलीट शियाओवेई वू से हार गई थीं।

  • 6:41 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    सतनाम-सलमान ने पुरुषों के डबल स्कल्स में जीता ब्रॉन्ज मेडल

    एशियन गेम्स 2026 में रोइंग में पुरुषों के डबल स्कल्स में इवेंट में भारत के सतनाम सिंह और सलमान खान ने सतनाम सिंह और सलमान खान ने तीसरे स्थान पर खत्म करते हुए ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया है। सतनाम-सलमान इस इवेंट में  चीन के यी ज़ुदी और नी यिदे गोल्ड मेडल विजेता से सिर्फ 3.48 सेकेंड और उज्बेकिस्तान के मेखरोजबेक ममतकुलोव और पावेल सोरिन सिल्वर मेडल विजेता से 2.76 सेकेंड पीछे रहे।

  • 6:33 AM (IST) Posted by Abhishek Pandey

    एशियन गेम्स में 2026 में भारत की पांचवें दिन हुई शानदार शुरुआत

    जापान के आइची नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में पांचवें दिन यानी 24 सितंबर को भारतीय एथलीटों की काफी अच्छी शुरुआत देखने को मिली है, जिसमें रोइंग में जहां सतनाम-सलमान की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है तो वहीं वुशू में रोशिबिना देवी ने महिलाओं के सांडा 60kg इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने में सफलता हासिल की है।