1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. एशियन गेम्स में भारत की चांदी, भारतीय मिक्स्ड 4x400m रिले टीम ने जीता सिल्वर मेडल

एशियन गेम्स में भारत की चांदी, भारतीय मिक्स्ड 4x400m रिले टीम ने जीता सिल्वर मेडल

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एथलेटिक्स से एक और अच्छी खबर आई है। मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

Asian Games 2026- India TV Hindi
Image Source : AFP एशियन गेम्स 2026

एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में अपने अभियान का आगाज शानदार अंदाज में किया है। 24 सितंबर को शाम के सत्र में सीमा ने वूमेन्स 10000 मीटर फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एथलेटिक्स में भारत का खाता खोला। इसके कुछ ही मिनट बाद मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम ने भी सिल्वर मेडल जीतकर भारतीय प्रशंसकों को जश्न मनाने का एक और मौका दे दिया।

भारतीय टीम रही दूसरे स्थान पर

मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले के फाइनल में मनु टीएस, पूवम्मा एमआर, विशाल टीके और विथ्या रामराज की भारतीय चौकड़ी ने 3 मिनट 14.46 सेकंड का समय दर्ज किया। इस प्रदर्शन के साथ टीम दूसरे स्थान पर रही और भारत की झोली में सिल्वर मेडल आया। बता दें, एशियन गेम्स में 24 सितंबर का आगाज भारत के लिए शानदार रहा। रोइंग में ब्रॉन्ज मेडल के बाद वुशु में भारत को ऐतिहासिक सिल्वर मेडल मिला। इसके बाद सीमा कुमारी और मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम के लगातार मेडल्स ने दिन को भारतीय दल के लिए यादगार बना दिया। 

फाइनल में भारतीय चौकड़ी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मनु के पहले लैप के खराब प्रदर्शन के बाद पूवम्मा के दूसरे लेग के बीच में टीम छठे स्थान पर रही। लेकिन, तीसरे लेग में पासा पलट गया, जब विशाल ने अपनी रफ्तार बढ़ाकर भारत को मेडल की रेस में ला खड़ा किया। विथ्या ने एंकर लेग में तेजी बनाए रखी और भारत को आखिरी हिस्से में वियतनाम से आगे निकलने और दूसरा स्थान हासिल करने में मदद की।

बहरीन के खाते में गया गोल्ड मेडल

गौरतलब है कि मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में मेन्स और वूमेन्स एथलीट एक ही टीम का हिस्सा होते हैं। ऐसे में रेस के दौरान गति के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच सही तालमेल भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। भारतीय चौकड़ी ने इसी तालमेल और तेज रफ्तार के दम पर 3:14.46 का समय निकालते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। बहरीन की टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। बहरीन के एथलीट्स ने 3 मिनट 12.87 सेकेंड का समय निकाला। वहीं, 3 मिनट 14.54 सेकेंड के साथ वियतनाम की टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स से आया पहला मेडल, सीमा ने 10000 मीटर में जीता ब्रॉन्ज

एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का आगाज, पहले ही मुकाबले में रोचक जंग, अफगानिस्तान ने मारी बाजी