IND vs CHN Gold Medal Match: भारतीय टीम ने चीन को हराया, 44 साल बाद एशियन गेम्स में जीता गोल्ड मेडल
IND vs CHN Gold Medal Match: आज एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम का मुकाबला मौजूदा चैंपियन चीन से हुआ। इस मुकाबले को जीतकर टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने में कामयाब रही।

भारतीय महिला हॉकी टीम 44 साल बाद एशियन गेम्स में दोबारा गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रही। टीम इंडिया ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इसके साथ ही भारतीय टीम लॉस एंजिल्स ओलंपिक का टिकट भी पक्का करने में कामयाब रही। भारत ने पहली और आखिरी बार यह खिताब 1982 में जीता था, जब महिला हॉकी को पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया था। इसके बाद भारतीय टीम 1998 और 2018 में भी फाइनल तक तो पहुंची, लेकिन दोनों बार उसे हारकर सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा था।
ग्रुप स्टेज में भारतीय महिला टीम का दिखा शानदार प्रदर्शन
भारतीय महिला हॉकी टीम इस बार बड़े हौसले और आत्मविश्वास के साथ फाइनल में पहुंची है। कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में टीम ने पूल बी में शुरुआती दौर में जबरदस्त खेल दिखाया और अपने सभी पांचों मैच जीते। इस दौरान भारत ने विरोधी टीमों के खिलाफ कुल 66 गोल किए। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराकर की, फिर इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-0 से मात दी। इसके बाद भारत ने मेजबान देश जापान को 3-1 से हराया और आखिरी मैच में सिंगापुर को 7-0 से हराकर ग्रुप स्टेज में पहला स्थान हासिल किया।
सेमीफाइनल में साउथ कोरिया से मिली कड़ी टक्कर
हालांकि, सेमीफाइनल में साउथ कोरिया के खिलाफ भारत का मुकाबला आसान नहीं था। कोरियाई टीम ने भारतीय प्लेयर्स को रोककर रखा, जिससे मैच काफी फंसा हुआ था। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने सब्र से काम लिया। मैच के थर्ड क्वार्टर के अंत में इशिका ने गोल करके भारत को बढ़त दिलाई और फिर चौथे हिस्से में कप्तान सलीमा टेटे ने एक और गोल करके भारत की 2-0 से जीत और फाइनल में जगह पक्की कर दी।
Live updates : IND vs CHN Asian Games 2026 Gold Medal Match
-
October 02, 2026 5:59 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारतीय महिला टीम ने जीता गोल्ड
भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में हॉकी के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय महिला टीम 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रही है।
-
October 02, 2026 5:52 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
टीम इंडिया जीत की तरफ
इस फाइनल मैच में अब सिर्फ 5 मिनट का खेल बचा हुआ है और टीम इंडिया अभी भी 1-0 से आगे है। भारतीय टीम की नजरें अब गोल्ड मेडल जीतने पर है।
-
October 02, 2026 5:43 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
तीसरे क्वार्टर का खेल हुआ खत्म
तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर पाई। भारत अभी भी 1-0 से आगे है। अब दोनों टीमों के लिए अगले 15 मिनट बेहद अहम और बड़े होने वाला है। चीन यहां गोल्ड मेडल को डिफेंड कर रहा है, जबकि भारतीय टीम 1982 के बाद अपनी पहली गोल्ड मेडल की तलाश में है। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे लॉस एंजिल्स (LA) ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।
-
October 02, 2026 5:36 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
सलीमा अभी भी मैदान से हैं बाहर
सलीमा अभी भी मैदान से बाहर हैं, ऐसा लगता है कि उनकी उंगली में चोट लगी है। देखते हैं कि क्या वह चौथे क्वार्टर में वापस आ पाती हैं या नहीं। आज उनका खेल बहुत शानदार रहा, उन्होंने डिफेंस और अटैक दोनों ही में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। तीसरे क्वार्टर का अब सिर्फ 5 मिनट का खेल बचा है और भारतीय टीम ज्यादातर डिफेन्स ही कर रही है।
-
October 02, 2026 5:28 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारतीय खिलाड़ी सलीमा को लगी चोट
चीन के एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला है। इस बार उन्होंने स्लैप हिट मारा, जिसे पहली रशर सलीमा ने साफ तौर पर रोक दिया, लेकिन गेंद अभी भी चीन के पास ही रही। इसके बाद भारत ने एक और शानदार डिफेंस किया और चीन को लॉग कॉर्नर मिला। भारतीय टीम ने बहुत ही बेहतरीन बचाव किया, लेकिन ऐसा लग रहा है कि सलीमा को चोट लग गई। इसके बाद उन्हें ट्रीटमेंट के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा।
-
October 02, 2026 5:19 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू
भारतीय महिला टीम और चीन के बीच हॉकी का फाइनल मैच खेला जा रहा है। इस मैच में तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू हो गया है, इस क्वार्टर में भारतीय टीम इस मैच पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी।
-
October 02, 2026 5:12 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
हाफ टाइम तक भारत 1-0 से आगे
दूसरा क्वार्टर खत्म हो गया है और अब हाफ टाइम तक भारत 1-0 से आगे है। दूसरे क्वार्टर में इस दौरान चीन ने भारत पर काफी दबाव बनाया, लेकिन भारतीय टीम बिल्कुल नहीं डगमगाई। भारत से एक पेनाल्टी स्ट्रोक जरूर हो गया था, लेकिन सविता पुनिया ने शानदार डिफेंस करके टीम की वापसी करवाई। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर पाई।
-
October 02, 2026 5:08 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
गोलकीपर सविता पुनिया ने रोके लगातार दो गोल
23वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक रोकने के बाद भारतीय गोलकीपर सविता पुनिया ने एक बार फिर अपना बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने चीन की खिलाड़ी झांग यिंग के शॉट का अंदाजा लगाते हुए शानदार डाइव लगाकर गेंद को रोक लिया। इसके कुछ ही सेकंड बाद चीन की टीम ने फिर से एक तेज हमला किया, लेकिन सविता ने तुरंत आगे बढ़कर उस खतरे को भी टाल दिया।
-
October 02, 2026 5:00 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
सविता पुनिया ने गोलपोस्ट के पास दिखाया जबरदस्त खेल
महिला हॉकी के फाइनल मैच में 23वें मिनट में भारत को बड़ा झटका लग सकता था। दरअसल सुशीला चानू की गलती से चीन को पेनल्टी स्ट्रोक मिल गया। हालांकि, भारतीय गोलकीपर सविता पुनिया ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए एक हाथ से शानदार बचाव किया और चीन को गोल करने से रोक दिया। सविता के इस शानदार बचाव की वजह से भारत 1-0 की बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहा।
-
October 02, 2026 4:56 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
चीन को मिला पेनल्टी कॉर्नर
चीन ने पेनाल्टी कॉर्नर में थोड़ा अलग तरीका अपनाया। भारत ने इसे रोका, लेकिन गेंद भारतीय डिफेंडर के शरीर से लग गई, इसलिए चीन को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस बार चीन के खिलाड़ी ने सीधा ड्रैगफ्लिक मारा, लेकिन नवनीत ने गोल लाइन के ठीक पास बहुत ही शानदार तरीके से गेंद को रोक लिया। दूसरे हाफ में अभी तक कोई भी टीम एक भी गोल कर पाई है।
-
October 02, 2026 4:49 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
पहले क्वार्टर का खेल खत्म, भारत 1-0 से आगे
मैच के 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने शानदार रिवर्स हिट के दम पर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 1-0 से आगे है। अभी तक दोनों टीमों के बीच जबरदस्त खेल देखने को मिला है।
-
October 02, 2026 4:43 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारतीय महिला टीम ने किया पहला गोल
फाइनल मैच में भारतीय महिला टीम का सामना चीन से हो रहा है। इस मुकाबले में भारत के खिलाड़ी ने पहले क्वार्टर में ही पहला गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई है। लालरेमसियामी ने जोरदार रिवर्स हिट मारकर गेंद को गोल नेट के ऊपरी हिस्से में पहुंचा दिया।
-
October 02, 2026 4:39 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
बलजीत कौर को मिला ग्रीन कार्ड
बलजीत कौर को ग्रीन कार्ड (Green Card) दिखाया गया है, इसलिए उन्हें दो मिनट के लिए मैदान से बाहर बैठना होगा। चीन जब फ्री हिट ले रही थी, तब वह 5 मीटर पीछे नहीं हटी थीं, इसी वजह से उन्हें ग्रीन कार्ड मिला है। अब तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है।
-
October 02, 2026 4:30 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
शुरू हुआ फाइनल मैच
भारत और चीन की महिला हॉकी टीम के बीच में एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले की शुरुआत हो गई है। दोनों टीमों के बीच में पहले क्वार्टर में आक्रामक खेल देखने को मिल रहा है।
-
October 02, 2026 4:14 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
शाम 4:30 बजे से शुरू होगा हॉकी मैच
एशियन गेम्स में भारत और चीन के बीच होने वाला महिला हॉकी का फाइनल मैच अब थोड़ा और देरी से शुरू होगा। मैच के समय में 15 मिनट की और देरी कर दी गई है, जिसकी वजह से अब यह मुकाबला शाम भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा।
-
October 02, 2026 4:00 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
फाइनल हॉकी मैच के लिए भारत की प्लेइंग XI
बिचू देवी खारीबाम (गोलकीपर), सलीमा टेटे (कप्तान), नवनीत कौर, निक्की प्रधान, दीपिका, लालरेमसियामी,नेहा, ज्योति, सुशीला चानू, इशिका चौधरी, सुनेलिता टोप्पो
सब्स्टीट्यूट्स: शिल्पी डाबस, सविता (गोलकीपर), इशिका, साक्षी राणा, रुतुजा दादासो पिसाल, लालथांतलुआंगी, बलजीत कौर
-
October 02, 2026 3:37 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
45 मिनट की देरी से शुरू होगा मुकाबला
शुक्रवार को एशियन गेम्स में भारत और चीन के बीच होने वाला महिला हॉकी का फाइनल मैच ट्रैफिक जाम की वजह से 45 मिनट देरी से शुरू हुआ। स्टेडियम जाते समय किसी सड़क हादसे के कारण रास्ते में भारी जाम लग गया था, जिसमें दोनों टीमों की बसें फंस गईं। इस वजह से खिलाड़ी समय पर 'गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम' नहीं पहुंच सके। नतीजतन, जो मैच पहले शाम 7 बजे शुरू होने वाला था, उसका समय बदलकर शाम 7:45 बजे कर दिया गया।
-
October 02, 2026 3:02 PM (IST) Posted by Hitesh Jha
भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को दी थी मात
भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की है। फाइनल मैच में भी भारतीय महिला टीम इस फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगी।
-
October 02, 2026 2:30 PM (IST) Posted by Abhishek Pandey
भारतीय महिला टीम की नजरें 44 साल के सूखे को खत्म करने पर
एशियन गेम्स 2026 में महिला हॉकी के इवेंट में भारतीय टीम का सामना चीन की टीम से होगा जिसमें टीम इंडिया की नजरें 44 साल के गोल्ड के सूखे को खत्म करने पर रहने वाली हैं। वहीं इस मैच को जीतने वाली टीम ओलंपिक 2028 के लिए सीधा कोटा भी हासिल कर लेगी।